गाजियाबाद श्मशान घाट हादसे की तरह महरौनी के सोजना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौना-कुसमाड़ में पांच जनवरी को श्मशान घाट पर बनाए जा रहे सीमेंटेड शेड के तीन बीम टूट कर गिर पड़े। हादसे के वक्त करीब 40 मजदूर काम कर रहे थे। निर्माण जिला पंचायत विभाग द्वारा कराया जा रहा था।
तीन दिन तक जिला पंचायत विभाग और प्रशासनिक अमले ने मामले को दबाकर रखा। खुलासा होने पर अफसर, ठेकेदार गोलमोल जवाब दे रहे हैं। अभी तक न तो किसी पर जिम्मेदारी तय हुई है और न ही कार्रवाई। सूत्रों के अनुसार दोयम दर्जे की निर्माण सामग्री और तकनीकी खामियों की वजह से हादसा हुआ। गनीमत रही कि बीम गिरने के दौरान कोई चपेट में नहीं आया।
जिला पंचायत विभाग द्वारा श्मशान घाट की जमीन पर पक्का सीमेंटेड शेड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण विभाग में पंजीकृत ठेकेदार द्वारा 8.69 लाख की लागत से कराया जा रहा है। वर्तमान में यहां पिलर और बीम का निर्माण करने के बाद छत डालने का काम चल रहा था। इस दौरान पांच जनवरी को तीन बीम टूट कर गिर गए। साथ ही, उन्हें साधने के लिए बांधी गई पाड़, बल्लियां भी भरभरा कर गिर पड़ीं। बीम गिरते ही मजदूर दूर भाग खड़े हुए और बड़ा हादसा होने से टल गया।
इतनी बड़ी घटना को जिला पंचायत विभाग और प्रशासन के अधिकारियों ने दबाकर रखा। निर्माण की देखरेख का जिम्मा जेई आनंद कुमार व अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों पर था। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारी मौके का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद काम को रुकवाया गया।
तीस दिसंबर को पिलरों पर आड़े बीम ढाले गए थे। उसी रात किसी अज्ञात व्यक्ति बीम की शटरिंग की बल्ली निकाल ले गया था। जिससे बीम झुक गए थे। एक दो दिन बाद जिला पंचायत के साइट अवर अभियंता जांच करने गए तो उन्होंने झुके हुए बीम देखकर हटाने के निर्देश दिए, जिस पर मैं बीम काटकर हटवा रहा था, तो गांव वालों ने झूठी शिकायत की कि श्मशान घाट का निर्माणाधीन लैंटर व बीम गिर गया है। शिकायत निराधार है।
-प्रमोद कुमार जैन, ठेकेदार, ग्राम पाह, बानपुर
ग्राम गौना-कुसमाड़ में मुक्तिधाम के लिए पिलर और बीम बनाए गए थे, लेकिन समय से पहले बीम की पाड़ हटा ली गई, जिसकी वजह से बीम लफ गई थी। जानकारी मिलने पर 31 तारीख से ही खराब बीम को तोड़ना शुरू कर दिया था। अब जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम ने उक्त निर्माण करने या तोड़ने को रोक दिया है। यह बड़ी लापरवाही है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-मोतीलाल, अभियंता, जिला पंचायत
मुझे घटना की जानकारी जेई या किसी अधिकारी ने नहीं दी। गांव वाले नहीं चाहते थे कि ग्राम गौना-कुसमाड़ में श्मशान घाट का उक्त निर्माण हो, इसलिए गांव के ही कुछ लोगों ने यहां डाली जा रही पाड़ गिराई है। सभी दोषियों के खिलाफ मुकदमा कराऊंगा।
-जयश्री खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष
मौके की जांच कर आख्या रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेजी गई है।
-मोहम्मद कमर, उपजिलाधिकारी, महरौनी
मामले के संबंध में एसडीएम महरौनी की रिपोर्ट मिली है। उसके आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है।
-अन्नावि दिनेश कुमार, जिलाधिकारी