- उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान, बुंदेली लोकगीत का आयोजन होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में उत्तर प्रदेश दिवस समारोह 24 से 26 जनवरी तक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। सीडीओ ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की और विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी।
मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बताया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन कल्याण सिंह सभागार (ऑडीटोरियम) में किया जाएगा। इसमें 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस की शुरुआत ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के साथ की जाएगी। 25 जनवरी को पर्यटन दिवस और मतदाता दिवस एवं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने नोडल अधिकारियों को दायित्व सौंपे।
संबंधित अधिकारी विभागीय योजनाओं, जनपद के विकास कार्यों, उपलब्धियों एवं पर्यटन से संबंधित स्टॉल लगाकर वृहद प्रचार-प्रसार कराएंगे। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरण, कृषि यंत्रों का वितरण, सहायक उपकरण वितरण, विभिन्न प्रतियोगिताएं आदि आयोजित कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रम भी निर्धारित किए गए हैं। 24 जनवरी को सरस्वती वंदना, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शपथ, छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का वितरण, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से बुंदेली गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिता, लोक कलाकारों द्वारा मंच प्रस्तुति आदि आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में सीएमओ डॉ. इम्तियाज अहमद, पीडी डीआरडीए दीपक यादव, डीडीओ अतिरंजन सिंह, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, डीपीआरओ कुंवर सिंह यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल आदि मौजूद रहे।