18 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा, 35062 परीक्षार्थी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे से लैस विद्यालयों को ही केंद्र बनाया जाएगा। जिले में परीक्षा केंद्र बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी और 12 मार्च को समाप्त होगी। परीक्षा को शांतिपूर्वक तरीके से कराने के लिए शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। इस बार बोर्ड परीक्षा में 35062 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 19990 और इंटरमीडिएट में 15072 परीक्षार्थी हैं। वर्तमान में परीक्षा के लिए केंद्र बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें विद्यालयों के प्रस्ताव ऑनलाइन अपलोड किए जा रहे हैं, यह प्रक्रिया 10 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस बार होने वाली परीक्षा में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो और परीक्षा नकलविहीन हो, इसके लिए उन्हीं विद्यालयों को केंद्र बनाया जाएगा, जो सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं। केंद्र बनाने के लिए अपलोड होने वाले प्रस्ताव में इसे अंकित भी किया जाएगा। वहीं, प्रश्नपत्रों सहित उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी भी सीसीटीवी कैमरे से होगी। डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बोर्ड के निर्देशानुसार तैयारियां कराई जा रही हैं।
तिथि घोषित होने के बाद तैयारियों में जुटे छात्र
बोर्ड परीक्षा की तिथि घोषित होने के बाद हाईस्कूल-इंटरमीडिएट में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। छात्र अपने पूरे पाठ्यक्रम को पूरा करने और महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित करने में जुटे हुए हैं। इसके साथ पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों के लिहाज से अपनी तैयारी को मजबूत कर रहे हैं।