जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 27 अप्रैल से शुरू हो गया है। इसके लिए जनपद में एक ही केंद्र बनाया गया है, जो राजकीय इंटर कॉलेज में है। इस केंद्र पर हाईस्कूल की कुल 67,035 और इंटरमीडिएट की 30,416 पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है और इसके लिए कुल 15 दिनों यानी 12 मई तक का समय निर्धारित किया गया है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की कॉपियां राजकीय इंटर कॉलेज में सुरक्षा के घेरे में रखवा दी गई हैं और मूल्यांकन का कार्य भी शुरू हो गया है। शनिवार तक हाईस्कूल की 4,699 और इंटर की 2,859 पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण हो चुका है। मूल्यांकन का कार्य 27 अप्रैल से शुरू हो गया है और इससे एक दिन पहले मास्टर ट्रेनरों ने परीक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इस संबंध में मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक व प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक किया जाना निर्धारित किया गया है, इसके अलावा प्रतिदिन हाईस्कूल की 50 पुस्तिकाओं व इंटरमीडिएट की 45 पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। हाईस्कूल की 67,035 पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए कुल 164 परीक्षक हैं, जिसमें 16 प्रधान और 148 सहायक परीक्षक हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट की कुल 30,416 परीक्षा के मूल्यांकन के लिए कुल 77 परीक्षक है, जिसमें 11 प्रधान व 66 सहायक परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। मूल्यांकन के लिए परीक्षकों को प्रत्येक पुस्तिका पर पारिश्रमिक शुल्क निर्धारित है, हाईस्कूल के पुस्तिकाओं पर आठ रुपए और इंटर की पुस्तिकाओं पर 10 रुपये मिलेगा।
इन विषयों की जांची जा रही पुस्तिकाएं
जनपद के मूल्यांकन केंद्र पर हाईस्कूल की हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, ग्रह विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, प्राथमिक गणित व कला की पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। वहीं, इंटरमीडिएट की हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, भूगोल, नागरिक शिक्षा, गणित, मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, ग्रह विज्ञान, अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रासायन विज्ञान, जीव विज्ञान, बईखाता, कृषि अभियंत्र, परिधान एवं सज्जा, रोडियो एवं रंगीन टीवी, अशुु लिपिक विषयों की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन हो रहा है।