जिले में 50 केंद्रों पर हो रही परीक्षा में 36677 परीक्षार्थी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा को सकुशल कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यालयों के एक हजार से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं कक्ष निरीक्षक के तौर पर ड्यूटी करेंगे। बीएसए ने शिक्षकों को विद्यालय से कार्यमुक्त होकर बोर्ड ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद में 50 केंद्रों पर 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। परीक्षा में करीब 36677 परीक्षार्थी शामिल होंगे। नकलविहीन और शांतिपूर्वक तरीके से परीक्षा कराने के लिए विभाग सभी तैयारियां तेजी के साथ करने में जुटा हुआ है। उत्तर पुस्तिकाओं को केंद्रों तक पहुंचाया जा चुका है।
प्रश्नपत्रों को पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में पहुंचाया जाएगा। वहीं, केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग ने पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया है। यहां पर सशस्त्र पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। वहीं, परीक्षा कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले कक्षा निरीक्षकों और बाह्य कक्ष निरीक्षकों को नामित किया गया है। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यालयों में कार्यरत एक हजार से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करेंगे। इन सभी शिक्षकों को नामित कर दिया है।
बीएसए रणवीर सिंह ने बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में नामित किए गए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय से कार्यमुक्त होकर बोर्ड परीक्षा ड्यूटी करने के निर्देश दिए है। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के साथ साथ माध्यमिक शिक्षा विभाग अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के भी चार सौ से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा के लिए लगाई गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन और शांति पूर्वक तरीके से कराई जाएंगी। परीक्षा की तैयारियाें को अंतिम रूप दिया जा रहा है।