सवालों के घेरे में अनसुलझी हत्याएं, नहीं हो सका पर्दाफाश
अलविदा 2025
-दो हत्याएं पुलिस के लिए बनी रहीं साल भर पहेली, पहचान न होना बना सबसे बड़ी बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वर्ष 2025 में जिले की दो गंभीर हत्याओं के मामले पुलिस के लिए अब तक अनसुलझी पहेली बने हुए हैं। कोतवाली सदर और थाना जखौरा क्षेत्र में हुई इन घटनाओं में पुलिस न तो मृतकों की पहचान करा सकी और न ही आरोपियों तक पहुंच पाई। विशेष टीमें गठित होने के बावजूद ठोस सुराग हाथ नहीं लगे, जिससे मामले ठंडे बस्ते में चले गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने घटनाओं को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि घटनास्थल से ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे जांच आगे बढ़ सके। पहचान न होने के कारण ही इन हत्याओं का खुलासा नहीं हो सका।
-
केस–1 : महिला की नहीं हो सकी पहचान, हत्यारे भी बेनकाब नहीं
16 जनवरी को थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम आलापुर के जंगल में पहाड़ी पर लगभग 25 वर्षीय महिला का रक्तरंजित शव मिला था। शव 2–3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। सिर पर पत्थर से हमला कर हत्या किए जाने के संकेत मिले थे। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। महिला का रंग सांवला था। उसने लाल साड़ी, हल्का नीला स्वेटर, हाथों में कंगन-चूड़ियां, गले में काली-लाल माला तथा पैरों में सफेद धातु की मोटी पायल पहन रखी थी। पुलिस ने व्यापक स्तर पर पहचान कराने के प्रयास किए, लेकिन 11 माह बीतने के बाद भी न तो महिला की शिनाख्त हो सकी और न ही हत्या के कारणों का पता चल सका।
-
केस–2 : मालगोदाम के पास मिले युवक के शव की भी नहीं हुई शिनाख्त
2 जून को कोतवाली सदर क्षेत्र की नईबस्ती चौकी अंतर्गत मालगोदाम के पास सुनसान इलाके में लगभग 25 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव मिला था। युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान थे। घटनास्थल पर खून बिखरा पड़ा था और सिर के नीचे एक जोड़ी हवाई चप्पल रखी मिली थी। घटना को छह माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक युवक की पहचान कराने में सफल नहीं हो सकी।
-
विशेष टीमें भी नहीं कर सकीं खुलासा
दोनों मामलों के खुलासे के लिए संबंधित थानों की पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीमों को भी लगाया गया। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा सहित अन्य राज्यों में भी पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। आधुनिक तकनीक के बावजूद पुलिस के हाथ खाली रह गए।
इस वर्ष की अन्य प्रमुख घटनाएं
29 सितंबर को थाना जखौरा क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक और 17 वर्षीय किशोरी का शव गर्राघाट नदी के पास एक ही पेड़ से लटका मिला था। दोनों दो दिन से लापता थे।
29 अगस्त को जनपद बांदा व छतरपुर के रहने वाले प्रेमी युगल ने सिलगन रेलवे क्रॉसिंग के पास झांसी रेलवे ट्रैक पर जान दे दी थी।
ऑनर किलिंग से मची थी सनसनी, पुलिस ने किया था खुलासा
1 जनवरी को थाना जखौरा क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पेड़ पर लटका मिला था, जबकि 18 वर्षीय युवती का शव उसके घर के पीछे पड़ा मिला था। 6 जनवरी को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती के माता-पिता और चाचा को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में यह मामला ऑनर किलिंग का निकला, जिसने क्षेत्र में व्यापक चर्चा को जन्म दिया।