रेलवे स्टेशन रोड पर आधा दर्जन से अधिक यूनीपोल, हादसे का खतरा बरकरार
आंधी में उखड़े बैनर-पोस्टर, शहरभर में अव्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बृहस्पतिवार देर रात आई तेज आंधी ने शहर में अव्यवस्था फैला दी। स्टेशन रोड स्थित स्टेट बैंक के पास डिवाइडर पर लगा लोहे का यूनीपोल जड़ से टूटकर स्ट्रक्चर समेत बीच सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि देर रात होने के कारण उस समय सड़क पर यातायात नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
आंधी के चलते शहर में जगह-जगह लगे बैनर और पोस्टर उखड़कर गिर गए। कई स्थानों पर टिनशेड उखड़ने का भी खतरा बना रहा। आंधी की तीव्रता को देखते हुए रात में सड़क पर निकले लोग अपने वाहन रोककर सुरक्षित स्थानों और पक्की छतों के नीचे शरण लेते नजर आए।
स्टेशन रोड पर यूनीपोल पर लगे बैनर फटकर अलग हो गए। जहां कुछ घंटे पहले तक धार्मिक आयोजनों और त्योहारों की शुभकामनाओं वाले पोस्टर लगे थे, वहीं आंधी के बाद अधिकांश पोस्टर फटे और क्षतिग्रस्त हालत में लटकते दिखाई दिए। नगर पालिका ने सुबह अभियान चलाकर गिरे हुए बैनर-पोस्टर हटवाए। इस दौरान 125 से अधिक बैनर-पोस्टर हटाए गए, जबकि शेष को हटाने की कार्रवाई जारी है।
फोटो-27
स्टेशन रोड स्थित स्टेट बैंक के पास डिवाइडर पर लगा विशाल यूनीपोल तेज आंधी में टूटकर सड़क पर गिर गया। सुबह नगर पालिका ने उसे हटवाकर किनारे रखवाया और संबंधित ठेकेदार को सूचना दी। इसके बाद ठेकेदार ने स्ट्रक्चर हटाने का काम शुरू कराया।
फोटो-28
शहर में जगह-जगह अवैध होर्डिंग लगे हुए हैं, जो आंधी के दौरान जानलेवा साबित हो सकते हैं। बृहस्पतिवार रात कई स्थानों पर होर्डिंग सड़क पर गिर गए। तुवन मंदिर के पास एक बड़ा होर्डिंग नहर में जा गिरा, जो दोपहर तक वहीं पड़ा रहा।
-
फोटो-29
मुख्य वर्णी चौराहे से सुपरमार्केट तक यूनीपोल पर लगे बैनर क्षतिग्रस्त हो गए। वर्णी चौराहे पर राजनीतिक और धार्मिक आयोजनों के बैनर टेढ़े होकर गिरने की स्थिति में पहुंच गए हैं। कई स्थानों पर बैनर फटकर केवल ढांचा ही बचा है। पुरानी तहसील क्षेत्र में भी यही स्थिति देखने को मिली।
इन सड़कों पर लगे हैं होर्डिंग
रेलवे स्टेशन रोड, घंटाघर रोड, इलाइट चौराहा, आजाद चौक, सावरकर चौक, नदीपुरा, कचहरी रोड, मेडिकल कॉलेज मार्ग, सदनशाह मार्ग।
-
आंधी में सोलर पैनल क्षतिग्रस्त, किसान को नुकसान
फोटो-37
ललितपुर। महरौनी क्षेत्र के ग्राम बारचौन सक्तू में तेज आंधी से एक किसान का सोलर पैनल क्षतिग्रस्त हो गया। किसान संतोष रैकवार ने बताया कि उन्होंने करीब 2.70 लाख रुपये की लागत से सोलर पैनल लगवाया था, जो आंधी में लगभग 70 फीसदी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि पैनल लगाने के लिए कर्ज लिया था। दिव्यांग किसान ने इसकी सूचना संबंधित कंपनी को दे दी है, जिस पर कंपनी ने मदद का आश्वासन दिया है।
-
स्टेशन रोड पर लगे यूनीपोल कॉमर्शियल हैं। स्टेट बैंक के पास टूटे यूनीपोल के ठेकेदार को नोटिस दिया गया है और मामले की जांच कराई जाएगी। अवैध व वैध मिलाकर 125 बैनर-पोस्टर हटवाए गए हैं। शेष हटाने का कार्य जारी है और अवैध होर्डिंग लगाने वालों को नोटिस दिए जाएंगे।
दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद