ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को यूनिफार्म वितरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने 75 प्रतिशत धनराशि यानि 450 रपये प्रति छात्र-छात्रा की दर से पैसा अवमुक्त कर दिया है। इस पैसे को विद्यालय प्रबंध समिति के बैंक खाते में भेजने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
जिले में एक लाख इक्यासी हजार सात सौ सत्तावन छात्र-छात्राओं को 600 रुपये की दर से यूनिफार्म वितरण किया जाना है। इसके मद्देनजर शासन ने 970.542 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। वर्तमान में स्वीकृत धन के सापेक्ष 75 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त की गई है। इस तरह 450 रुपये प्रति छात्र-छात्रा की दर से धनराशि संबंधित विद्यालय के विद्यालय प्रबंध समिति के बैंक खाते में भेजने की प्रक्रिया आरंभ की जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामप्रवेश ने दिशा- निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत यूनिफार्म खरीद प्रक्रिया के लिए प्रत्येक विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक होगी। बैठक में खरीद समिति का नियमानुसार गठन कर यूनिफार्म की सिलाई हेतु शासनादेश में निर्धारित गुणवत्ता का कपड़ा खरीदने के लिए सैंपल लिया जाएगा। जिसे विद्यालय में सुरक्षित रखा जाएगा। सैंपल एवं खरीदे किए जा रहे कपड़े में भिन्नता न हो। सैंपल/ड्रेस की जांचोपरांत सही होने पर भुगतान की कार्रवाई की जाएगी। स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि द्वारा बच्चों की नाप ली जाएगी। यूनिफार्म की सिलाई का कार्य विद्यालय के लिए नामित स्वयं सहायता समूह द्वारा कराया जाएगा। विद्यालय द्वारा टेंडर/कोटेशन की कार्रवाई की जाएगी। बीएसए ने 15 अगस्त तक यूनिफार्म वितरण कार्रवाई अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालयवार स्वयं सहायता समूह नामित किए गए हैं। इसकी सूची खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंप दी गई है। यदि खरीद नीति से हटकर मानक विपरीत कार्य पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्घ कठोर कार्रवाई की जाएगी। गुणवत्ता विहीन कपड़ा कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। - रामप्रवेश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी