- शासन इस योजना के तहत पांच साल में नगर के विकास के लिए देगा 100 करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन ने नगर पालिका क्षेत्र में विकास के लिए मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना प्रारंभ की है, इस योजना के तहत नगरीय विकास के लिए शासन पांच साल में 100 करोड़ रुपये की धनराशि निर्गत करेगा। इस वर्ष में नगर पालिका ने 20 करोड़ की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी है।
स्मार्ट सिटी के तहत प्रत्येक नगर पालिका के विकास को मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना को प्रारंभ किया है। इस योजना के लिए शासन ने विशेष पैकेज नगर पालिकाओं को निर्गत करने के लिए योजना तैयार की है, जिससे नगर पालिका अपने क्षेत्र में विकास कार्य कराएगी। छह बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार कराई जानी है।
इनमें प्रशासनिक, आर्थिक, सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण, विरासत इन सभी बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार करने की है। एक वर्ष में 20 करोड़ रुपये की धनराशि से तैयार कार्ययोजना बनाकर को शासन को भेजना होगा, शासन उन कार्ययोजनाओं को मंजूर करने बाद पालिका को धनराशि निर्गत करेगी। नगर पालिका ने इस वर्ष की कार्ययोजना तैयार शासन को भेज दी है। इस कार्ययोजना में आर्थिक विकास के लिए 1.77 करोड़ की लागत से फूड स्ट्रीट हब का निर्माण, 8.72 करोड़ से व्यावसायिक कांप्लेक्स का निर्माण, सामाजिक विकास के तहत 6 करोड़ की लागत से अभिलाषा पेट्रोल पंप के पीछे अटल बहुउद्देशीय भवन का निर्माण, शहजाद नदी पर बलखंडी मंदिर के पास घाट निर्माण, पर्यावरण के तहत 80 लाख से मां कर्मा बाई पार्क के पास खाली पड़ी जमीन व झांसी रोड पर शहरी वन स्थापना, हैरीटेज इंफ्रास्ट्रेक्चर के तहत शहर के मुख्य मार्ग के चौराहों पर स्ट्रीट फर्नीचर का निर्माण किया जाएगा। यह कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी है।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी है। शासन से मंजूरी मिलते ही, इनका कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ललितपुर