यातायात पुलिस के प्रस्ताव पर एनएचएआई ने शुरू की कार्ययोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। झांसी-सागर नेशनल हाईवे-44 पर तिराहों और चौराहों पर होने वाले सड़क हादसों में अब कमी आएगी। इसके लिए तेरई फाटक, रामनगर और बिरधा में अंडर ब्रिज बनाने की योजना तैयार की जा रही है। यातायात पुलिस के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी ने एनएचएआई को इन स्थानों पर अंडर ब्रिज बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 का लगभग 100 किलोमीटर लंबा हिस्सा ललितपुर जिले से होकर गुजरता है। झांसी से गोविंद सागर बांध तक एनएचएआई की जिम्मेदारी है, जबकि गोविंद सागर बांध से सागर तक मध्य प्रदेश एनएचएआई की निगरानी है। हाईवे के निर्माण के बाद से इस मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे कई लोगों की जानें भी जा चुकी हैं। इस कारण से जनपद सीमा में हाईवे पर कई स्थानों को ब्लैक स्पॉट घोषित किया गया था और हादसों को रोकने के लिए उपाय शुरू किए गए थे, लेकिन वे नाकाफी साबित हुए।
इसके बाद एनएचएआई द्वारा इन स्थानों का सर्वेक्षण कराया गया, जिसमें करीब 26-27 स्थानों पर हादसों का अंदेशा था। इनमें प्रमुख रूप से कैलगुवां चौराहा, घटवार तिराहा, गौना क्षेत्र और अन्य स्थानों पर हादसों की संख्या अधिक पाई गई। इन स्थानों पर अंडर ब्रिज बनाए गए हैं और तीन प्रमुख अंडर ब्रिज अब तक पूर्ण हो चुके हैं।
हालांकि, कुछ स्थानों पर अब भी दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसी बीच, जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेडएफडी) योजना के तहत हादसों वाले स्थानों पर नए उपाय शुरू किए गए हैं। यातायात पुलिस और क्रिटिकल केयर टीम द्वारा बिरधा, तेरई फाटक और रामनगर को सबसे अधिक दुर्घटनाओं वाले स्थानों के रूप में चिन्हित किया गया है। इस प्रकार, इन स्थानों पर अंडर ब्रिज बनाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है।
जिले में ग्यारह ब्लैक स्पॉट चिह्रित
ललितपुर जिले के विभिन्न हिस्सों में कुल ग्यारह ब्लैक स्पॉट चिह्रित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
तालबेहट क्षेत्र में झरर घाट से लेकर अमझराघाटी, गल्ला मंडी के पास, मसौरा बैरियर, तेरई फाटक चौराहा, अमझरा घाटी, गौना तिराहा, पटऊआ तिराहा, राधेकुंज ढाबा, बम्हौरी कट हाईवे, मन्नू पेट्रोल पंप के पास, बाॅबी राजा ढाबा और बिरधा हाईवे।
मसौरा बैरियर और रोंडा में बनेगी ट्रक ले-वाई
हाईवे पर कुछ स्थानों पर मालवाहक ट्रकों के खड़े होने की समस्या भी है। दो प्रमुख स्थानों, मसौरा बैरियर और ग्राम रोंडा के पास ट्रक ले-वाई बनाए जाने की योजना है। मसौरा बैरियर पर पहले से ही ट्रक ले-वाई बन चुका है, लेकिन यहां डिवाइडर की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। इस कारण यहां डिवाइडर लगाया जाएगा। वहीं, ग्राम रोंडा में नया ट्रक ले-वाई बनाए जाने की योजना है।