- गृहस्थी और शादी का सामान हुआ चकनाचूर, तीन बाइक हुईं क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। तेरई फाटक पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम तेरई के मजरा मंगलपुरा में बुधवार शाम एक अनियंत्रित ट्रक मकान में जा घुसा। ट्रक की टक्कर से तीन कमरों में रखा गृहस्थी का सामान चकनाचूर हो गया। इस घटना में सामने रखी तीन बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर गए और ट्रक को अपने कब्जे में लिया।
मजरा जिग्नव निवासी एक युवक ट्रक चालक है। बुधवार को सायंकाल वह अपने घर से बिनौला से भरा ट्रक लेकर तेरई फाटक की ओर जा रहा था। मंगलपुरा के पास ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक को देखकर आसपास के लोग जब तक अपने काे संभालते तब तक ट्रक सड़क किनारे बने रामेश्वर पुत्र बेताली के मकान में जा घुसा। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह मकान की दीवार तोड़ता हुआ कमरे में जा घुसा। इससे मकान के बाहर खड़ी तीन बाइकें और कमरेे के अंदर रखा गृहस्थी का सामान चकनाचूर हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा मौके पर गए। वहीं, रामेशवर के पुत्र रवींद्र ने बताया कि इस हादसे में उसकी और उसके भाई संतोष की शादी में कुछ माह पहले मिला दहेज का सामान रखा था। इस हादसे में वह पूरी तरह से बेकार हो गया।
000000
ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित ने इस संबंध में अभी शिकायती पत्र नहीं दिया है। शिकायती पत्र आने पर कार्रवाई की जाएगी । - मनोज मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक तालबेहट