ललितपुर। केंद्रीय स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री उमा भारती ने कहा कि जिस प्रकार हिंदू धर्म में गाय को अपनी माता मानते हैं, ठीक उसी प्रकार मुसलमान भी दुग्ध के नाते गाय को अपनी माता का दर्जा देते हैं। मुस्लिम धर्म में मां का स्थान सर्वोच्च है। ग्राम कल्यानपुरा में गौसंरक्षण एवं नस्ल सुधार समिति की साधारण सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि जिले में गोवंश आश्रय स्थल के निर्माण के लिए एकीकृत प्रयास प्रारंभ होना है। कल्यानपुरा गोवंश आश्रय स्थल भविष्य में निश्चिय ही एक मॉडल सिद्ध होगा। जिले के अधिकांश ग्राम ओडीएफ हो चुके हैं। अब इन ग्रामों को ओडीएफ प्लस किया जाना है। किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में यदि हमारे द्वारा भोजन की व्यवस्था की जाती है तो उस स्थान पर गंदगी साफ करने का कार्य भी हमारे द्वारा ही किया जाना चाहिए। प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री/प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सांसद उमा भारती द्वारा सांसद निधि से गोवंश आश्रय स्थल के लिए 01 करोड़ 06 लाख रुपये की धनराशि भेंट की गई है। जनपद में गोवंश आश्रय स्थल के लिए जो नागरिकों द्वारा सहयोग किया गया है, उसके लिए यहां के नागरिकों के लिए धन्यवाद देते हैं। प्रदेश सरकार के दो वर्ष के शासनकाल में लगभग 01 लाख शौचालयों का निर्माण पूरे जनपद में किया गया है। इस तरह का प्रयास पूर्व में किसी सरकार द्वारा नहीं किया गया है। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य 02 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत के कार्यों का लोकार्पण, गौवंश आश्रय स्थल साधारण सभा की बैठक व स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र मेें उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाना है।
कल्यानपुरा गौवंश आश्रय स्थल के निर्माण में स्वच्छता एवं पेयजल मंत्रालय भारत सरकार उमा भारती द्वारा 01 करोड़ 06 लाख रुपये की धनराशि का सहयोग सांसद निधि से किया गया है। गौवंश आश्रय स्थल के निर्माण में मनरेगा के अंतर्गत कार्य किया गया है। अन्ना पशुओं की समस्या के निदान के लिए जिले में 09 गौवंश आश्रय स्थल की व्यवस्था की जा रही है। इन आश्रय स्थलों में 35-50 हजार गौवंश के रखरखाव का प्रबंध किया जा सकेगा। इस कार्य में गौवंश के लिए भूसे की व्यवस्था हेतु ग्राम प्रधानों का सहयोग अति आवश्यक है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन ग्राम पंचायतों में से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले व्यक्ति को 05 हजार रुपये एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले व्यक्ति को 03 हजार रुपये की धनराशि चेक के माध्यम से पुरस्कार स्वरूप भेंट की गई है। कल्यानपुरा गौवंश आश्रय स्थल के रखरखाव के लिए 51 हजार रुपये की धनराशि चेक के माध्यम से मुख्य अतिथि को देते हुए 01 हजार वीं सदस्यता प्राप्त की, साथ ही पुलिस अधीक्षक एमएम बेग ने भी 21 हजार रुपये की धनराशि का चेक गोवंश आश्रय स्थल के लिए सदस्यता स्वरूप मुख्य अतिथि को प्रदान किया। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि इस प्रकार के आश्रय स्थल जनपद में अन्ना पशुओं की समस्याओं को हमेशा के लिए समाप्त कर देंगे। अन्ना पशुओं की समस्या हमारे द्वारा ही उत्पन्न की गई है। यदि हम अपने पशुओं को स्वयं संरक्षण प्रदान करते तो हमारे जनपद में अन्ना पशुओं की समस्या ही कभी उत्पन्न न होती। कार्यक्रम उपरान्त जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह द्वारा प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही को पीतल धातु से निर्मित भगवान कृष्ण की प्रतिमा, स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, चन्द्रशेखर पंथ, जिलाध्यक्ष भाजपा जगदीश सिंह लोधी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद रजनी साहू, अध्यक्ष नगर पंचायत, तालबेहट मुक्ता सोनी, मुख्य विकास अधिकारी वीपी पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए बलिराम वर्मा, जिला विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार सविता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ एसके शाक्य, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार सिंह उपस्थित रहे।