जनपदवासियों को मंगलवार को घने कोहरे से तो राहत मिली, लेकिन ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को दिनभर प्लेटफार्म पर परेशान देखा गया। अप रूट की उज्जैनी व डाउन रूट की सदर्न एक्सप्रेस रद्द रहीं, तो सचखंड 25 घंटे और राप्ती सागर एक्सप्रेस 24 घंटे तक लेट आईं। इसके साथ ही दोनों ओर की दो दर्जन ट्रेनें घंटों लेट चलीं।
मंगलवार को जनपद में सुबह कोहरा कम होने से सूरज की धूप भी जल्द ही निकल आई थी, जिसके चलते जनपदवासियों को कोहरे से तो राहत मिली, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते गलन अधिक रही, जिससे लोगों को ठंड का अहसास धूप में रहने पर भी होता रहा। वहीं, ट्रेनों में लेटलतीफी की स्थिति फिलहाल जस की तस बनी हुई है। मंगलवार को भोपाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में सचखंड एक्सप्रेस 25 घंटे, पंजाब मेल 9.48 घंटे, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 4.09 घंटे, समता एक्सप्रेस 2.15 घंटे, पातालकोट 7.30 घंटे, श्रीधाम एक्सप्रेस 14.30 घंटे, गोंडवाना एक्सप्रेस सात घंटे, शताब्दी एक्सप्रेस 1.51 घंटे तक लेट रहीं।
वहीं, डाउन रूट की पातालकोट 12 घंटे, श्रीधाम 20.41 घंटे, राप्ती सागर 23.59 घंटे व शताब्दी एक्सप्रेस 1.30 घंटे तक लेट रहीं। ऐसे में यात्रियों को दिनभर परेशान होना पड़ा। दिनभर पूछताछ कार्यालय पर स्थिति व ट्रेन स्पष्ट नहीं हो पा रही थी, लेकिन कौन से सी ट्रेन किस दिन की आ रही है। ऐसे में आरक्षण वाले यात्रियों के अलावा रोजाना आने जाने वाले यात्रियों को परेेेशान होना पड़ा।