संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा/ललितपुर। आमने सामने से बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम मानिकपुर निवासी चंद्रभान लोधी (28) सोमवार शाम अपनी बाइक से मड़ावरा की ओर आ रहा था। जबकि, थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम गदौरा निवासी अंशुल (25) अपनी बाइक से मड़ावरा की ओर से अपने गांव वापस जा रहा था। दोनों ग्राम साढूमल में दाल मिल के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक आमने सामने से टकरा गई। चंद्रभान व अंशुल छिटक कर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने चंद्रभान को मृत घोषित कर दिया। अंशुल की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय रास्ते में अंशुल ने दम तोड़ दिया। सीओ मड़ावरा राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
नहीं लगाए थे हेलमेट
यातायात माह के दौरान जहां पुलिस वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ा रही है और हेलमेट लगाने और तेज रफ्तार में न चलने की सीख दे रही है। वहीं वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इस घटना में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार दोनों ही बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।