नगर पालिका ने शुरू किया कार्य, वार्ड दो रैदासपुरा, 26 महावीरपुरा और चौबयाना की 12 हजार की आबादी को मिलेगी पेयजल की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका के वार्ड दो रैदासपुरा, 26 महावीरपुरा और चौबयाना की 12 हजार की आबादी को जल्द ही पेयजल सुविधा होगी। नगर पालिका की ओर से दो बावड़ी समेत एक कूप पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है। इसमें बावड़ी व कूप में मोटर डालकर पाइपलाइन बिछाकर पानी मुहैया कराया जाएगा। इससे पानी की किल्लत दूर हो जाएगी।
नगर पालिका के वार्ड छह रामनगर स्थित चौहान बावड़ी व वार्ड 26 महावीरपुरा की रावर बावड़ी लंबे समय से जर्जर पड़ी हुई थीं। तत्कालीन जिलाधिकारी ने बावड़ी का जीर्णोद्धार कराया था। इन बावड़ी के आस-पास की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही थी। इन दोनों बावड़ी से आस-पास के वार्ड में पेयजल संकट दूर करने का प्रस्ताव रखा गया था। इसको बोर्ड से स्वीकृति दी गई थी।
अब पालिका ने पानी मुहैया कराने के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। दोनों बावड़ी में एक करोड़ की लागत से कार्य किया जा रहा है। इसमें बावड़ी में मोटर डाली जानी है। साथ ही निर्धारित क्षेत्र में पाइपलाइन डालकर पेयजल सप्लाई की जाएगी। इससे लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी। सर्दी व बारिश में ही नहीं गर्मी में भी पानी मिलेगा। ऐसे में हैंडपंप व टैंकरों के भरोसे नहीं रहना होगा। सुविधा से पानी घर में ही मिलेगा।
-
रावर बावड़ी से तीन मोहल्लों को मिलेगा पानी
वार्ड 26 महावीरपुरा स्थित रावर बावड़ी में मोटर डाल दी गई है। साथ ही बावड़ी में लाइनें भी डाल दी गई हैं। विद्यालय से बाहर के लिए लाइन भी बिछाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस लाइन से वार्ड के मोहल्ला मऊठाना क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित क्षेत्र में पानी दिया जाएगा। साथ ही वार्ड दो मोहल्ला रैदासपुरा, पठापुरा क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जाएगी। इससे लगभग आठ हजार की आबादी को पानी मिलेगा।
-
रामनगर स्थित चौहान बावड़ी से दूर होगा पेयजल संकट
वार्ड छह मोहल्ला रामनगर क्षेत्र में ही पेयजल संकट बना रहता है। यहां पर चौहान बावड़ी में मोटर डालकर पाइपलाइन बिछाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कार्य पूर्ण होने के साथ ही वार्ड में लगभग तीन से चार हजार की आबादी को घर के पास ही पानी मिल सकेगा। इससे पानी के लिए अधिक दूर या हैंडपंप का सहारा नहीं लेना होगा।
वर्जन
बावड़ी से पानी की सप्लाई के लिए एक करोड़ की लागत से कार्य किया जा रहा है। इससे लगभग 12 हजार से अधिक की आबादी को पानी की सुविधा होगी।
-दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद