संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस में झूठी शिकायत कराने और धमकी देने से युवक की मौत के मामले में मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली सदर की रिपोर्टिंग चौकी राजघाट अंतर्गत ग्राम टोरिया निवासी गोलू राजा के खिलाफ गांव के ही लल्लू राजा ने एक व्यक्ति से पुलिस में झूठी शिकायत कराई थी। साथ ही गोलू राजा को जान से मारने की धमकी दी थी। इससे आहत गोलू राजा की 20 अक्तूबर को हालत बिगड़ गई थी। आनन फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। यहां से चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया था। इसके बाद ग्वालियर में 21 अक्तूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने विपक्षियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया था।
पुलिस ने मृतक गोलू राजा के चाचा नौने राजा की तहरीर पर लल्लू राजा, मानू राजा, रानू राजा, राजपाल सिंह, चाली राजा, महेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। आरोपी लल्लू राजा को इलाइट चौराहा के पास से और चाली राजा को ग्राम टोरिया के पास से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शेष चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।