संवाद न्यूज एजेंसी
जखौरा/ललितपुर। दस वर्षीय दिव्यांग बालिका से घर में घुसकर दुष्कर्म करने के आरोपी की पुलिस ने पहचान कर ली है। उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है। बुधवार को आरोपी के बेतवा नदी के आसपास होने की सूचना पर पुलिस टीमें जंगल में कांबिंग करती रहीं। मध्य प्रदेश पुलिस से भी टीमें संपर्क में हैं।
थाना जखौरा क्षेत्र के एक गांव में 20 अक्तूबर को दस वर्षीय दिव्यांग से अज्ञात व्यक्ति ने उस समय घर में घुसकर दुष्कर्म किया था, जब उसके माता-पिता मजदूरी करने गए थे। शाम को माता-पिता के घर लौटने पर बालिका लहूलुहान अवस्था में मिली थी। एसपी ने आरोपी को पकड़ने के लिए सात टीमें गठित की थीं। गांव से गायब लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई तो आरोपी को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने आरोपी की पहचान मनोहर उर्फ मनोज रैकवार निवासी खसुअन ग्राम घिसौली थाना जखौरा के रूप में की और मंगलवार को उसकी फोटो वायरल की।
बुधवार को सभी सातों टीमें गांव के आसपास के जंगलों एवं पहाड़ियों में उक्त व्यक्ति की तलाश में जुटी रहीं। करकरावल के आसपास उक्त व्यक्ति के दिखाई देने की सूचना पर पुलिस टीमें दिनभर बेतवा नदी के आसपास उसकी तलाश में जुटी रहीं। समीपवर्ती मध्य प्रदेश में आरोपी के भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चंदेरी थाना सहित एमपी के अन्य थानों से संपर्क किया और उन्हें आरोपी की फोटो भेजते हुए मदद मांगी।
एमपी पुलिस भी आरोपी की तलाश में जुटी है। सीओ सदर अभय नारायण राय ने बताया कि पुलिस के पहुंचने के बाद से युवक गांव से लापता हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमें खोजबीन कर रही हैं।
गांव-गांव बांटा जा रहा पंफलेट : पुलिस टीमें गांवों में जाकर आरोपी के फोटोयुक्त पंफलेट ग्रामीणों को वितरित कर रही हैं। कोई जानकारी या सूचना होने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की जा रही है। गांव में क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में चौपाल भी लगाई जा रही है और आरोपी की तलाश में पुलिस की मदद करने की अपील की जा रही है।
-
पूर्व मंत्री ने जाना पीड़िता का हाल : दुष्कर्म पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता प्रदीप जैन आदित्य मेडिकल कॉलेज झांसी पहुंचे। चिकित्सकों से पीड़िता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पीड़िता के माता-पिता को हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया।