ललितपुर के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के पूरा कला अंतर्गत ग्राम विजयपुरा में मिट्टी की खदान गिरने से दो युवाओं की मौके पर मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गांव विजयपुरा निवासी नीरज कुशवाहा 22, जीतू कुशवाहा 19, सोनू 28 और बबलू 30 वर्षीय शुक्रवार को गांव में अवैध खनन वाले इलाके में एक टीला से मिट्टी लेने गए थे। जिस समय ये लोग मिट्टी खोद रहे थे तभी टीला धसक गया। मिट्टी में चारों लोग दब गए।
आसपास के लोगों ने सभी को जैसे-तैसे बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने नीरज और जीतू को मृत घोषित कर दिया। घायल सोनू और बबलू का उपचार किया जा रहा है। सूचना पर एसडीएम अमित कुमार बाजपेई और तहसीलदार अभिमन्यु कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।