सनी हत्याकांड के दो और आरोपी गिरफ्तार
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में पिछले दिनों पत्थर से सिर कुचलकर की गई हत्या के मामले में दो फरार इनामी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने हत्या का कारण शराब के नशे में आपसी झगड़ा बताया था।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि 14 अगस्त की देर रात को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता और मोहल्ला चौबयाना निवासी इंदर राजा के पुत्र योगेंद्र सिंह उर्फ सनी राजा की हत्या कर दी गई थी। घटना में शामिल मुख्य आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। मंगलवार को दो अन्य आरोपी फिरोज उर्फ गोलू पुत्र सलीम व सलीम पुत्र सुमाम को कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार चल रहे आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि एक अन्य फरार आरोपी आमिर कुरैशी को शीघ्र ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
यह है मामला
ललितपुर। मोहल्ला कसाई मंडी में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक का शव कसाई मंडी में पड़ा मिला था। शव की शिनाख्त मोहल्ला चौबयाना निवासी योगेंद्र सिंह परमार (28) पुत्र इंदरराजा के रूप में की गई थी। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया था। मुख्य आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि फरार आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
कुर्की की तैयारी थी
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर कुर्की वारंट जारी किया था। आरोपियों की कुर्की करने की तैयारी थी। लेकिन, इससे पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।