जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गोंडवाना एक्सप्रेस व अमृतभारत एक्सप्रेस से दाे महिलाओं के दो मोबाइल व नकदी सहित पर्स में रखे अन्य सामान चोरी हो गए। थाना जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नागपुर के नगर वाटोडा निवासी रोशनी सुनील चिकनिया ने थाना जीआरपी में तहरीर देकर बताया कि बीते 17 मई को वह ललितपुर रेलवे स्टेशन से नागपुर के लिए ट्रेन संख्या 12406 भुसावल गोंडवाना एक्सप्रेस के आगे के जनरल कोच में रात दस बजे बैठी। गाड़ी ललितपुर स्टेशन पर खड़ी थी। गाड़ी में बैठने के बाद उसने अपना मोबाइल देखा, लेकिन नहीं मिला। किसी अज्ञात चोर ने उसका मोबाइल चोरी कर लिया। उसने गाड़ी से उतरकर जीआरपी ललितपुर थाने गई, लेकिन उसकी मोबाइल चोरी की रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इस पर तब नागपुर पहुंचकर वहां जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अब नागपुर से उक्त रिपोर्ट ललितपुर जीआरपी थाने में स्थानांतरित कर दी गई, जिस पर जीआरपी ने उक्त मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे मामले में सदर बाजार बैतूल निवासी देवेंद्र साहू ने थाना जीआरपी को तहरीर देकर बताया कि एक माह पहले 31 मई को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अमृत भारत एक्सप्रेस में कोच एस-6 में सीट नंबर 73,74, 76 पर रानीकमलापति भोपाल स्टेशन के लिए यात्रा कर रहा था। उसकी पत्नी कमला ने अपना पर्स सीट 74 पर रख कर सो गई। अगले दिन एक जून को सुबह पांच बजे उसकी नींद खुली तो पर्स सीट पर नहीं था। थाना जीआरपी ने उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।