मड़ावरा। हकीम बनकर दवा देने के बहाने बाइक और मोबाइल फोन लेकर फरार हुए दो अंतरराज्यीय चोरों को थाना गिरार पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी गई बाइक के पार्ट, मोबाइल फोन और नकद रुपये बरामद किए गए हैं।
थाना गिरार क्षेत्र के ग्राम बड़ा इकौना निवासी तेजराम अहिरवार के पिता मठुआ अहिरवार लंबे समय से लकवाग्रस्त हैं। आठ फरवरी को बटन लाल और भज्जू उर्फ भंतू नामक दो व्यक्ति तेजराम के घर पहुंचे और खुद को हकीम बताते हुए मठुआ के इलाज के लिए 7200 रुपये की दवा देने की बात कही।
इसके बाद उन्होंने एक दवा कम पड़ने का हवाला देकर बाजार चलने की बात कही। तेजराम दोनों को अपनी बाइक पर बैठाकर तिसगना गल्ला मंडी के पास पहुंचा। बहाने से आरोपियों ने उसे उतार दिया और बाइक और मोबाइल फोन लेकर भाग गए। मंगलवार को ग्राम रनगांव स्थित मोती मंदिर के पास से बटन लाल और भज्जू निवासी पृथ्वीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ मड़ावरा केके मिश्रा ने बताया कि चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद