ललितपुर। शनिवार को जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र में उपायुक्त पद पर उस समय वर्चस्व की जंग छिड़ गई, जब संयुक्त आयुक्त उद्योग झांसी मंडल अमिता वर्मा रस्तोगी ने 15 मार्च को जारी किए गए पत्र को लेकर एसके सूर्यवंशी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने उक्त आदेश को डाक में चढ़वाते हुए विधिवत कार्यभार संभाल लिया। इसी दौरान करीब 11 बजे कार्यालय पहुंचे उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी कुर्सी पर एसके सूर्यवंशी को बैठा हुआ देखकर हतप्रभ रह गए। उन्होंने इसका विरोध दर्ज कराते हुए शासन से आदेश विभाग में आने के उपरांत चार्ज देने की बात कही, तो वहीं एसके सूर्यवंशी ने संयुक्त आयुक्त उद्योग द्वारा जारी आदेश को दिखाया।
गौरतलब है कि संयुक्त आयुक्त उद्योग झांसी द्वारा जारी पत्र में दर्शाया गया है कि प्रभारी उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी द्वारा सात माह के कार्यकाल में कार्य में रूचि और लक्ष्य की पूर्ति न होने की बात कही गई है। साथ ही एक जनपद-एक उत्पाद के तहत टूलकिट खरीद जो कि जैम पोर्टल से होनी थी, और जरी सिल्क साड़ी में भी जैम पोर्टल पर कैटगरी बनी होने के बावजूद त्रुटि की गई। इन सभी का हवाला देते हुए संयुक्त आयुक्त उद्योग झांसी ने कार्मिक नियमावली के अनुसार श्याम कुमार सूर्यवंशी को वरिष्ठ घोषित होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निदेशालय के परामर्श अनुसार प्रभारी उपायुक्त उद्योग का प्रभार 15 मार्च 2023 से सौंपे जाने के आदेश दिए गए हैं।
इस पूरे प्रकरण में प्रभारी उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी का कहना है कि उन्हें कोई भी पत्र विभाग से प्राप्त नहीं हुआ है, जबकि एसके सूर्यवंशी का कहना है कि शासन द्वारा भेजे जा रहे उक्त पत्र को विभाग द्वारा स्वीकार ही नहीं किया जा रहा है। मौके पर उपायुक्त उद्योग एसके सूर्यवंशी ने आलाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता करने का अनुरोध किया, जिस पर प्रभारी विमल द्विवेदी द्वारा स्पष्ट इंकार कर दिया गया।प्रभारी उपायुक्त विमल द्विवेदी नहीं मानते शासनादेशजिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त एसके सूर्यवंशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष काम न कर पाने के चलते प्रभारी उपायुक्त विमल द्विवेदी को शासन से पत्राचार किया गया है, जिसके तहत एसके सूर्यवंशी को प्रभार सौंपा गया है। लेकिन इस आदेश को प्रभारी द्वारा स्वीकार ही नहीं किया जा रहा है।यह हैं प्रभारी उपायुक्त उद्योग की नियुक्ति तारीखजिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र में बतौर उपायुक्त उद्योग के एसके सूर्यवंशी प्रभारी के रूप में 28 नवंबर 2019 में कार्यभार ग्रहण किया था, जो कि 12 जनवरी 2022 तक रहा। इसके बाद मनीष चौधरी ने प्रभारी के रूप में 5 अप्रैल 2022 से 16 अगस्त 2022 तक कार्यभार संभाला। इसके बाद उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी ने प्रभारी के रूप में 23 अगस्त 2022 से अब तक कार्यभार संभाला है।
ज्वाइंट कमिश्नर झांसी से आदेश हुआ है। जिसमें एसके सूर्यवंशी को जनपद के उपायुक्त उद्योग का प्रभार दिया गया है। उनके द्वारा शासन स्तर पर अवगत करा दिया गया है। कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।-विमलकांत द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग विभाग
वरिष्ठता के आधार पर उन्हें संयुक्त आयुक्त उद्योग ने उन्हें जनपद का उपायुक्त उद्योग का प्रभार दिया है। एसके सूर्यवंशी, नव नियुक्त उपायुक्त उद्योग विभाग