ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत शनिवार रात ग्राम भारौन-दैलवारा तिराहे पर डंपर की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में डंपर ने दो बाइकों को टक्कर मारी थी, जिसमें एक बाइक पर सवार बहन-बहनोई डंपर के पहियों के नीचे आ गए थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरी बाइक पर सवार महिला का भाई और एक अन्य को झांसी व ग्वालियर रेफर किया गया है।
शनिवार की रात ग्राम मैलवाराकलां निवासी मोहन (44) और उनकी पत्नी राजकुमारी (40) ग्राम बानौनी में नानी की तेरहवी में शामिल होकर लौट रहे थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर राजकुमारी का भाई ग्राम इमलिया निवासी नवल (22) पुत्र नंदलाल और ग्राम गंगचारी निवासी महेंद्र भी आगे चल रहे थे। दोनों बाइकें ग्राम भारौन-दैलवारा तिराहे पर ही पहुंची थी कि सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में मोहन और उसकी पत्नी राजकुमारी दोनों बाइक से उछलकर डंपर के पहियों के नीचे आ गए, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि नवल और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर थाना बानपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां दोनों की हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इनमें ग्राम गंगचारी निवासी महेंद्र (26) की हालत अधिक गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। घायलों ने पुलिस को अपने और मृतकों के बारे में जानकारी दी तब उनके परिजनों को हादसे की जानकारी हुई। उधर, पुलिस ने डंपर को पकड़ लिया है, जबकि डंपर चालक भाग निकला। मृतक मोहन के बड़े भाई रामसेवक ने बताया कि मृृतक पति-पत्नी के दो पुत्र और एक पुत्री है और वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। खेती-मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। उसके पास लगभग ढाई एकड़ जमीन है।