जाखलौन (ललितपुर)। जाखलौन कस्बा स्थित बगीचे में लगे ट्रांसफार्मर में रविवार की सुबह अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के घरों में 11000 वोल्टेज का करंट दौड़ गया। बिजली के खंभों में जोरदार स्पार्किंग और घरों में रखे उपकरण धू-धू कर जलते देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान करंट की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला झुलस गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की सुबह साढ़े चार बजे जाखलौन कस्बा स्थित कौशिकजी के बगीचे में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे मुहल्ले में करंट दौड़ गया। बिजली के खंभों में जोरदार स्पार्किंग और अंदर रखे इलेक्ट्रानिक उपकरण जलने लगे, जिससे घबराकर लोग शोर मचाते हुए घरों से बाहर भागने लगे। इसी दौरान जमुनिया रोड निवासी रामकिशन (28 वर्ष) पुत्र छक्की लाल ने जैसे ही लोहे का दरवाजा पकड़ा, तो करंट का झटका खाकर सिर के बल सोफे पर जा गिरा।
परिजन उसे किसी तरह घर से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामराजा मंदिर के सामने रहने वाला रट्टी लाल विश्वकर्मा (55) पुत्र हजारी प्रसाद छत पर सो रहा था, नीचे पत्नी मीरा की चीख सुनकर वह भी नीचे आ गया। यहां आकर देखा कि उनकी पत्नी करंट की चपेट में आ गईं हैं, उन्होंने किसी तरह मीरा को बचा लिया, लेकिन स्वयं करंट की चपेट में आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, मीरा और उसका पुत्र अरविंद भी झुलस गए। मीरा की स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, इस हादसे में दो मौतों के कारण कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।