ललितपुर/बानपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की मौत गाज गिरने से हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बार के ग्राम टीला निवासी भगुंता (37) पुत्र जगुआ कुशवाहा मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने खेत मेें बैगन व अन्य सब्जी की पौध लगाने के लिए खेत की गुढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान मौसम खराब होने लगा और हल्की बारिश होने के साथ ही तेज चमक और गरज के साथ गाज गिर गई, जिससे वह बेसुध होकर गिर गया। आसपास मौजूद परिजन व ग्रामीणों ने उसे उठाया और उपचार लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई तुलसी ने बताया कि मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी दो पुत्रियां हैं। उसके पिता के नाम कुल करीब छह एकड़ खेती की जमीन है, जिस पर सभी एक साथ खेती करते हैं।
इसी तरह थाना बानपुर के ग्राम चकौरा में मंगलवार की शाम को गाज गिरने से एक बालिका की मौत हो गई, जबकि मृतका की बड़ी मां जख्मी हो गई। अचानक मौसम बदलने से बरसात होने लगी। इसी दौरान ग्राम चकौरा निवासी फेरन पुत्र मोहन लोधी के मकान पर गाज गिरी, जिससे घर में मौजूद उसकी पुत्री प्रिंसी (12) की मौत हो गई और उसकी बड़ी मां मिथलेश पत्नी राकेश जख्मी हो गई। सूचना बानपुर पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।