संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/तालबेहट। किराना के थोक कारोबारी के मुनीम से पांच लाख की लूट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए। उनके पास से लूटे गए रुपयों से भरा बैग और तमंचा बरामद हुआ।
सोमवार को कोतवाली तालबेहट क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर ग्राम हर्षपुर के पास आरव ट्रेडर्स में काम करने वाले मुनीम नंदलाल साहू और उसके साथी शिवदयाल कुशवाहा से बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। दिनदहाड़े हुई घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। डीआईजी झांसी कलानिधि नैथानी और एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने छह टीमों का गठन किया था। सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य बिंदुओं पर जांच पड़ताल से पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे।
मंगलवार शाम हाईवे से करीब दो किलोमीटर अंदर थाना जखौरा क्षेत्र के कारीपहाड़ी के पास बाइक सवार दोनों बदमाशों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गाेली लगी और वह घायल हो गए। बदमाशों ने अपना नाम अवधेश कुशवाहा (25) और जितेंद्र कुशवाहा (22) निवासी ग्राम कड़ेसरा कलां कतिक्यारी मोहल्ला बताया। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, एएसपी अनिल कुमार, सीओ सदर अभय नारायण, सीओ तालबेहट कुलदीप कुमार आदि मौके पर पहुंचे। दोनों बदमाशों को पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौबीस घंटे के अंदर लूट की वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल कोतवाली तालबेहट प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद, एसओजी, सर्विलांस सेल को एसपी ने शाबासी दी है।
-
हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में खंगाले सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे:
बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमों ने हाईवे पर घटनास्थल के आसपास होटल, ढाबों, मकानों सहित अन्य क्षेत्रों के सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। यहां से पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे।
संदिग्धों को हिरासत में लेकर की थी पूछताछ:
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी मोहम्मद मुश्ताक स्वयं मॉनीटरिंंग कर रहे थे और पुलिस टीम को लगातार निर्देश दे रहे थे। पुलिस टीमें हर एक पहलू पर गहना से जांच करते हुए आगे बढ़ रही थीं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी।
-
गांव से गायब होने वालों की कुंडली भी खंगाली:
पुलिस टीमों ने मुनीम नंदलाल व उसके साथी शिवदयाल के गांव सहित तालबेहट क्षेत्र के अन्य गांवों से 10 जून के बाद से गायब हुए युवकों की कुंडली खंगाली। इससे भी पुलिस को बदमाशों की पहचान करने में मदद मिली।
-
लूट की वारदात में और भी शामिल: आशंका जताई जा रही थी कि लूटपाट से पहले बदमाशों ने पूरी रेकी की थी और इस घटना में अन्य लोग भी शामिल हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस के समक्ष भी यह बात सामने आई कि मुनीम से लूटपाट में दो अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस अब उन आरोपियों की तलाश में है।
मुनीम को बुलाकर कराई बदमाशों की पहचान:
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मुनीम नंदलाल को घटनास्थल पर बुलाया। मुनीम ने घायल दोनों बदमाशों की शर्ट और बाइक देखकर उनकी पहचान लुटेरों के रूप में की। मुनीम ने वहां पड़ा अपना काला बैग भी पहचान लिया।
नाकेबंदी के चलते नहीं निकल पाए बाहर: मुनीम से लूट करने के बाद बदमाश बाहर नहीं भाग पाए। इसका कारण रहा घटना के बाद जिले की सीमाओं को सील कर सघन चेकिंग अभियान चलाना। इसके साथ पुलिस सरगर्मी से बदमाशों की तलाश में जुटी थी। यही कारण रहा कि बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद ललितपुर की ओर तो भागे, लेकिन जिला की सीमा नहीं लांघ पाए।
-
बदमाशों को पकड़ने के लिए छह टीमें लगी थीं। मंगलवार को सूचना मिली कि दो युवक बाइक से तेजी से भाग रहे हैं। पुलिस ने पीछा किया तो कारीपहाड़ी के पास टीम पर दोनों बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की तो दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। उनके पास से दो तमंचा, लूट में प्रयुक्त बाइक और लूटे गए रुपयों से भरा बैग बरामद किया गया। लूट की इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल हैं।
मोहम्मद मुश्ताक, एसपी