ललितपुर (ब्यूरो)। नगर पालिका कर्मियों द्वारा कैलगुवां रोड पर नाली निर्माण कराने की बात कहकर करीब ढाई माह पूर्व नाली की गंदगी दुकानों के बाहर डाल दी और नालियों के ऊपर रखे पत्थर भी हटा गए, जिससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
शहर के कैलगुवां रोड स्थित एक प्रतिष्ठान स्वामी पंकज जैन ने डीएम को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि करीब ढाई माह पूर्व नगर पालिका कर्मी व वार्ड के पार्षद उनके प्रतिष्ठान पर आए और नाली निर्माण की बात कही।
इस पर दुकानदारों ने नाली के ऊपर से पत्थर हटा लिए। इसके बाद कर्मचारियों ने नाली की सिल्ट निकालकर उनके प्रतिष्ठान के सामने डाल दी। तब से अब तक न तो नाली का निर्माण कराया गया है और न ही सिल्ट हटाई जा सकी है, जिससे दुकानदारों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सफाई कराने की मांग की है।