संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चार माह पूर्व सरकारी राशन की दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई पांच बोरी गेहूं व चावल सहित चीनी बरामद की। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
चौकी गल्ला मंडी क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के पीछे स्थित चंद्रकांत की सरकारी राशन की दुकान में 5 मार्च को शटर का ताला तोड़कर खद्यान्न की चोरी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था और चोरी का खुलासा करने में जुट गई थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर ने सूचना दी कि सरकारी राशन की दुकान में चोरी करने वाले रामकुमार निवासी ग्राम सतरवांस व धनीराम निवासी ग्राम बिरारी गोविंद सागर बांध तिराहा के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी का शत-प्रतिशत माल 5 बोरी गेहूं, चावल सहित चीनी व 620 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद न्यायालय में पेश किया।