ललितपुर। घटवार में कच्ची शराब की भट्ठी के पास ग्रामीण का अधजला शव मिलने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
कोतवाली सदर अंतर्गत घटवार निवासी प्रीतम रजक (50) का अधजला शव गांव के बाहर कबूतरा डेरा के पास कच्ची शराब की भट्ठी के निकट पड़ा मिला था। मृतक के पुत्र अरविंद रजक ने रणवीर कबूतरा, गोपाल, नत्थू, बलराम निवासीगण ग्राम घटवार पर भट्ठी में फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। शनिवार को कोतवाली पुलिस ने मसौराकलां के पास कच्ची सड़क के नजदीक से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी रणवीर कबूतरा के खिलाफ विभिन्न थाना-कोतवाली में छह मुकदमे पंजीकृत हैं। वहीं, गोपाल के खिलाफ भी विभिन्न थानों में कच्ची शराब, जुआ, नशीला पदार्थ रखने, जानलेवा हमला करने के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गोपाल के खिलाफ मिनी गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई की थी।