फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: हाईवे किनारे खड़े ट्रक बन रहे हादसों का खतरा

विज्ञापन
चंदेरा के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक। संवाद
विज्ञापन
ललितपुर। झांसी-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ट्रक और डंपर हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। झररघाट से मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित अमझराघाटी तक हाईवे के किनारे संचालित ढाबों और होटलों के सामने दिन-रात वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। कई स्थानों पर ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर आड़े-तिरछे खड़े होने से सड़क का आधा हिस्सा घिर जाता है। इससे दूसरे वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। रात में कम रोशनी और तेज रफ्तार के कारण खड़े वाहनों से टकराने का खतरा और बढ़ जाता है।
विज्ञापन

मंगलवार रात तालबेहट में बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड देकर घर लौट रहे झांसी के प्रेमनगर स्थित पुलिया नंबर नौ निवासी राज सेंगर, हर्ष और आयुष की बाइक दुर्गापुर गांव के पास सड़क पर खड़े डंपर से टकरा गई थी। हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई थी। इस घटना ने हाईवे पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से होने वाले खतरे को फिर सामने ला दिया है।
जनपद की सीमा में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 करीब 90 से 100 किलोमीटर तक फैला है। झांसी के झररघाट से अमझराघाटी तक हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों ढाबे, होटल और दुकानें संचालित हैं। इनके आसपास ट्रकों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। तालबेहट, तेरई फाटक, नदनवारा, अमरपुर मंडी, रोंडा, चंदेरा औद्योगिक क्षेत्र, मसौरा बैरियर, बिरधा, बंगरिया, उमरिया और गौना सहित कई स्थानों पर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े दिखाई देते हैं।
विज्ञापन

हाईवे से सटी जगहों पर वाहनों की पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है। कई बार सड़क का एक हिस्सा ट्रकों से घिर जाने के कारण अन्य वाहनों को सीमित जगह से निकलना पड़ता है। इससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है। रात के समय खतरा अधिक रहता है। कम रोशनी में पीछे से तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को सड़क किनारे खड़े ट्रक का अंदाजा देर से लगता है।


सीसीटी टीम की सक्रियता पर सवाल
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेडएफडी) योजना के तहत सदर, महरौनी और तालबेहट कोतवाली क्षेत्र शामिल हैं। योजना के अंतर्गत इन क्षेत्रों में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (सीसीटी) गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक उपनिरीक्षक और सिपाही तैनात हैं। वर्तमान में जिले में चार सीसीटी टीमें संचालित हैं, जिनमें से दो सदर कोतवाली क्षेत्र में हैं। इसके बावजूद सदर क्षेत्र से गुजरने वाले हाईवे-44 पर इन टीमों की सक्रियता नजर नहीं आ रही है। सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर नियमित कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है।

सर्दियों में कोहरे के दौरान बढ़ेगा खतरा
रात में तेज रफ्तार से आने वाले वाहन अचानक हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से टकरा सकते हैं। सर्दियों में कोहरा छाने पर यह खतरा और बढ़ जाता है। वाहन खड़ा करते समय पार्किंग लाइट नहीं जलाने और पीछे रेडियम पट्टी नहीं होने से दूसरे चालकों को ट्रक दिखाई नहीं देता। ढाबों और होटलों के आसपास पहले भी इस तरह की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में सड़क किनारे खड़े वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई और सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था जरूरी है।

हाईवे पर अवैध रूप से पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाया जाता है। इस संबंध में अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के चालान और सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

कालू सिंह ,अपर पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें