संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। राजमार्ग पर जमालपुर के पास टमाटर से भरा ट्रक पलट गया। उसमें भरे कैरट सड़क पर बिखर गए। पीछे से आ रहा बाइक सवार कैरटों से टकरा कर गिर गया और उसकी पत्नी व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, टमाटर भरने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा।
बुधवार दोपहर में एक ट्रक रायपुर से टमाटर लेकर दिल्ली जा रहा था। राजमार्ग पर जमालपुर के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें रखी टमाटर की पेटियां सड़क पर बिखर गईं। इसी दौरान पीछे से बाइक से पत्नी और एक वर्षीय बच्चे के साथ कोतवाली क्षेत्र के बिजरौठा निवासी राजाराम की बाइक पेटियों से टकरा गई। उसकी पत्नी कृष्णा (27) और मासूम दिव्यांश सहित ट्रक क्लीनर लालू (21) निवासी ग्राम मिर्चवारा ललितपुर भी घायल हो गया। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
टमाटर लेने उमड़ी भीड़ से लगा जाम : हादसे के बाद जैसे ही लोगों ने टमाटर सड़क पर बिखरा देखा, वह अपने घरों से निकल पड़े और उनमें टमाटर भरने की होड़ लग गई। इसके चलते कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने लोगों को खदेड़ा तो यातायात सुचारु हुआ।
.दुलही जाने वाला संपर्क मार्ग। संवाद
.दुलही जाने वाला संपर्क मार्ग। संवाद
.दुलही जाने वाला संपर्क मार्ग। संवाद