ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिरारी में ट्रैक्टर को टक्कर मारते हुए एक अनियंत्रित ट्रक नाले में गिर गया, जिससे ट्रक में फंसे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। क्लीनर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से चालक के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, ट्रैक्टर की ट्राली भी पुल पर पलट गई।
थाना नाराहट के अंतर्गत ग्राम डोंगराखुर्द निवासी मोहित दुबे (27) पुत्र पुरुषोत्तम दुबे ट्रक चलाता था। रविवार की रात को करीब साढ़े नौ बजे वह बानपुर से ललितपुर की ओर सीमेंट से भरा ट्रक लेकर आ रहा था। अभी वह कोतवाली ललितपुर के ग्राम बिरारी में बरुआ नाले के पुल पर ही पहुंचा था तभी अचानक से शटरिंग से भरा एक ट्रैक्टर सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में चालक ने ट्रैक्टर में टक्कर मारते हुए ट्रक दूसरी ओर मोड़ दिया। इसी दौरान ट्रक का एक टायर फट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गहरे नाले में जा गिरा। उधर, टक्कर लगने से पुल पर ट्रैक्टर में लगी ट्रॉली भी पलट गई। चालक ट्रक में फंसा रहा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक का क्लीनर ग्राम डोंगराखुर्द निवासी शमीम ने कूदकर जान बचाई।