बिरधा/ललितपुर। थाना कोतवाली चौकी बिरधा के अंतर्गत एनएच 26 हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रही बाइक को टक्कर मार दी, इससे बाइक पर सवार महिला गिरकर ट्रक के पहियों के नीचे आ गई, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार उसका पुत्र और पुत्री घायल हो गए। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक चालक तेजी से ट्रक चलाकर मौके से भाग गया।
बिरधा चौकी के ग्राम सतरवांस निवासी मिथलेश राजा (37) पत्नी संतोष सिंह परमार शनिवार को दोपहर में करीब साढ़े बारह बजे गांव से दवाई लेने के लिए अपने पुत्र संजू राजा एवं पुत्री दीक्षा के साथ मोटरसाइकिल से बिरधा जा रही थीं। अभी वह लोग बिरधा के पास एनएच-26 हाईवे पर एक ढाबा के सामने ही पहुंचे थे कि उनकी बाइक के पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर पीछे बैठी मिथलेश ट्रक की ओर सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहियों के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा संजू राजा (15) और उसकी छोटी बहन दीक्षा (13) गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतका के परिजन गुलाब सिंह ने बताया कि मिथलेश की तबियत ठीक नहीं थी, वह अपने पुत्र संजू के साथ दवाई लेने जा रही थी, पुत्री दीक्षा भी साथ में थी, रास्ते में यह हादसा हो गया। मृतका के दो पुत्री व एक पुत्र है।