ललितपुर। विकासखंड बिरधा के अंतर्गत कचनौंदा कला में सड़क किनारे प्लांट की राख डाली जा रही है। इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम को शिकायत पत्र भेजकर की कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने डीएम को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि पावर प्लांट से निकलने वाली राख कचनौंदा कला के पास सड़क किनारे डाली जा रही है। बानपुर के बीच कचनौंदा की मेन तिराहे के पास राख पड़ी देखी जा सकती है। इससे भारी वाहनों के निकलने से धूल दूर-दूर तक उड़ रही है। आसपास रहने वाले लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। वहीं, सड़क किनारे लगे छोटे-छोटे पौधे भी दबकर नष्ट हो रहे हैं। बरसात के मौसम में पानी की निकासी में व्यवधान आ सकता है। गीली राख जानवरों के लिए घातक साबित हो सकती है, इसमें जानवर फंस कर मर भी सकते हैं। कुछ भोले-भाले किसानों को गुमराह करके राख डलवाने की एवज में पैसा वसूला जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा राख डालने से रोकने का प्रयास किया तो संबंधित ठेकेदार गाली गलौज करते हुए धमकी देने पर उतारू हो गया।