ललितपुर। शहर की गली मोहल्लों में आवागमन कर रहे हैं, तो सावधान रहें। यहां पर विद्युत विभाग द्वारा खुले में रखे ट्रांसफार्मर कहीं जान न ले लें। नगर में अधिकांश ट्रांसफार्मरों बिना जालियों की लगे हैं। इनके कनेक्शन तार भी लटक रहे हैं। कई स्थानों पर कचरा डाले जाने से जानवर घूमते रहते हैं। वहीं बरसात के मौसम में हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर रखने के लिए नियम बनाए गए हैं। इनमें सुरक्षा की दृष्टि से ट्रांसफार्मर को चबूतरे पर रखना चाहिए। इसमें आने वाली सप्लाई के तारों में गॉर्डिंग लगी होना अधिक जरूरी है। चारों ओर से ट्रांसफार्मर को जाली से बंद किया जाता है जिससे दुघर्टनाओं के खतरे को रोका जा सके।
लेकिन, विभागीय जिम्मेदारों ने नियमों की अनदेखी कर ट्रांसफार्मर रख दिए हैं, जिससे आम लोगों को करंट आने का भय बना रहता है। इसके नजदीकी से आने- जाने पर करंट लगने से दुर्घटना होने की खतरा बना हुआ है। यही नहीं बारिश के मौसम व कभी-कभी आंधी आने पर लटकते जर्जर तारों के टूटकर गिरने की संभावना होती है। कई बार टूट कर गिर भी चुके हैं लेकिन, अभी तक जर्जर तारों को नहीं बदला गया है। ट्रांसफार्मरों के पास से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। नमी से जमीन पर भी करंट आ जाता है जिससे करंट लगने का खतरा रहता है। यह स्थिति शहर के मोहल्ला नेहरुनगर, जुगपुरा, आजादपुरा व अन्य मोहल्लों की भी बनी हुई है। जहां पर आम लोगों को करंट का भय बना रहता है। शहर में लटक रहे जर्जर तारों के कारण भी खतरा बना रहता है। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
तालाबपुरा में खुले में रखा ट्रांसफार्मर
शहर के मोहल्ला तालाबपुरा में खुले में ट्रांसफार्मर रखा गया है जिसके आसपास जाली का घेरा तक नहीं बनाया गया है। इससे आसपास के गुजरने वाले लोगों को करंट का भय है। कचरा पास में पड़ा रहता है। जहां पर जानवर कचरा खाने के लिए भटकते रहते हैं। ऐसे में जानवरों के भी चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। जानवर ही नहीं बच्चों के चपेट में आने की आशंका बनी रहती है। इसके बाद भी जिम्मेदार अनदेखा कर रहे हैं।
लेड़ियापुरा में तिराहा पर बिना जाली के रखा ट्रांसफार्मर
शहर के मोहल्ला आजादपुरा लेड़ियापुरा में बांध व बाजार और लेडियापुरा जाने वाले तिराहा पर बिना जाली के खुले में ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। इसके चारों ओर जाली नहीं लगी हुई है। बिजली के तार भी खुले में लटक रहे हैं। तिराहा होने से अधिक भीड़ रहती है। वाहन मोड़ने पर किनारे से होकर निकलने पर कंरट का खतरा बना हुआ है। भीड़ होने से बच्चों के भी करंट की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है, जब तिराहा पर यह हाल है तो अन्य स्थानों का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग अंडरब्रिज के पास खुले में रखा ट्रांसफार्मर
देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के अंडर ब्रजि पर चंडी माता मंदिर तिराहा पर ट्रांसफार्मर खुला रखा है। तिराहा होने से अधिक लोगों की आवाजाही रहती है। मोहल्लावासी कचरा भी फेंक देते हैं। इससे कई जानवर खाने के लिए पहुंच जाते हैं। पास में ट्रांसफार्मर होने से करंट का खतरा बना हुआ है। वहीं कुछ बच्चे भी खेलते रहते हैं। ऐसे में ट्रांसफार्मर के पास में पहुंचने पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। लोगों को अपने बच्चों की अधिक देखभाल करना पड़ रही है।
जिला पंचायत के पास बिना सुरक्षा जाली के खुला रखा ट्रांसफार्मर
शहर में गली मोहल्ला ही नहीं मुख्य मार्ग भी खुले रखे ट्रांसफार्मरों से खाली नहीं है। जिला पंचायत कार्यालय व इसी परिसर में विद्युत विभाग के जिम्मेदारों का कार्यालय बना हुआ है। जहां पर प्रतिदिन आवाजाही रहती है, लेकिन अब तक इस खुले ट्रांसफार्मर पर नजर तक नहीं गई। सड़क किनारे होने से अधिक लोगों को आवाजाही मार्ग से होती है। अन्ना जानवर भी घूमते रहते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया।