ललितपुर। विद्युत विभाग की अनदेखी के कारण नगर के कई क्षेत्रों में
ट्रांसफार्मरों के पास झूलते तार और बिना सुरक्षा जाली के रखे ट्रांसफार्मर
हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं।
ग्यारह हजार केवीए की विद्युत लाइनों पर
रखे ट्रांसफार्मरों के पास झूलते तार व सुरक्षा जाली नहीं हैं। इससे
ट्रांसफार्मरों के पास हादसा हो सकता है। मुहल्लेवासी कई बार संबंधित
विद्युत सब स्टेशन के अधिकारियों को समस्या से अवगत करा चुके हैं, मगर
स्थिति जस की तस हैै। विद्युत विभाग जनपद में फैले तारों के जाल को
दुरुस्त कराने के लिए कभी-कभी मशक्कत करता नजर आता है, मगर खासकर जहां
ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं, उन स्थानों की ओर ध्यान नहीं दिया जाता।
मुहल्ला आजाद पुरा में देहरे बाबा के पास, गोविंद सागर बांध के तिराहे पर,
वर्णी कॉलेज के पीछे, प्रधान डाकघर के बगल में, महावीर प्याऊ के पास,
सावरकर चौक, जैन अटा मंदिर के सामने, इलाइट चौराहा पर, नेहरू नगर में
प्राथमिक विद्यालय के पास, चंडी माता मंदिर के तिराहे पर आदि स्थानों पर
ट्रांसफार्मर के आसपास तारों के गुच्छे जमीन पर लटक रहे हैं, जिससे हर समय
लोगों को हादसे का डर बना रहता है।
खासकर आवारा जानवर घूमते रहते हैं,
जिससे जानवर भी हादसे का शिकार हो सकते हैं। यहां तार इतने नीचे हैं कि कोई
भी छोटा बच्चा इन्हें आसानी से पकड़ सकता है। जनहित में बिजली विभाग को इस
ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।