समता, छत्तीसगढ़ और राजगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस चल रहीं निरस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सहालग और गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। इसके लिए टिकट काउंटरों पर लाइन लग रही हैं। अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल चल रही हैं।
भोपाल की ओर से आने जाने वाली डाउन एवं अप रूट की ट्रेनों में समता और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस निरस्त चल रही हैं। इसके चलते अन्य डाउन रूट की ट्रेनों में झेलम, पंजाबमेल एक्सप्रेस में अधिक भीड़ चल रही है। वहीं अप रूट की ट्रेनों में भी सुबह के समय दक्षिण, पठानकोट, मालवा, कुशीनगर एक्सप्रेस और दोपहर में आने वाली पंजाबमेल एक्सप्रेस में भीड़ अधिक बढ़ गई है। इसके साथ ही सहालग होने के कारण भी लोग मध्य प्रदेश के आसपास के बीना, मंडी बामौरा, विदिशा और भोपाल के लिए अधिक यात्रा कर रहे हैं। इनमें कम दूरी के स्टेशनों के लिए लोग जनरल टिकट पर अधिक यात्रा कर रहे हैं। इसके चलते प्लेटफार्म और टिकट काउंटरों पर भीड़ अधिक बढ़ गई है। वहीं दोपहर डेढ़ बजे के बाद अप रूट की शाम की ट्रेनों में शाम को बीना, मंडी बामौरा, गंज बासौदा और विदिशा के लिए पहली ट्रेन 6.50 बजे पातालकोट एक्सप्रेस, फिर 7.18 बजे महामना एक्सप्रेस है, जिनमें काफी भीड़ बढ़ गई है।