ललितपुर। झांसी, ललितपुर और भीमसेन जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेनों में चोरी करने वाली मध्य प्रदेश के सतना जिले के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर साढ़े पांच लाख रुपये कीमत के सोने, चांदी के जेवरात, 16 मोबाइल व 26 हजार रुपये नकदी बरामद की। यह सभी आरोपी चोरी के कई मामलों में पहले से ही वांछित चल रहे थे।
झांसी जीआरपी के क्षेत्राधिकारी नईम खान मंसूरी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि झांसी, ललितपुर से निकलने वाली ट्रेनों में कुछ दिनों से लगातार चोरियों की वारदातें हो रहंी थीं। इस पर पुलिस अधीक्षक जीआरपी झांसी ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए झांसी, ललितपुर और भीमसेन के प्रभारी निरीक्षकों की संयुक्त टीम एवं क्यूआरटी व सर्विलांस टीमों को लगाया था। उक्त सभी टीमें लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामार कार्रवाई कर रहीं थीं, लेकिन कोई पुख्ता सुराग नहीं लग पा रहा था। सोमवार को टीमों को ट्रेनों में चोरी करने वाले कुछ लोगों के ललितपुर में रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन रेलवे भवन के पास होने की जानकारी मिली। टीमों ने संयुक्त रूप से इस स्थान पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के बैग की तलाशी ली गई तो उनके पास से चोरी के 16 मोबाइल, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी सोने की झुमके, सोने की चेन के तीन टुकड़े , दो सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड एवं 26 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों में आशीष गुुप्ता उर्फ मांझा (28 वर्ष) निवासी ग्राम टिकुरिया जिला सतना एमपी , मनोज गोस्वामी (28 वर्ष) पुत्र छोटेेलाल गोस्वामी निवासी ग्राम सोहावल जिला सतना , अतुल जोशी (22 वर्ष) पुत्र राजा भइया जोशी ग्राम मरूहा जिला सतना हैं। चोरी का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी ललितपुर अरविंद कुमार सरोज, उपनिरीक्षक अनिल कुमार राणा, झांसी जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, भीमसेन जीआरपी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, सर्विलांस व क्यूआरटी प्रभारी जीआरपी झांसी शशिभूषण सिंह, शामिल रहे।
--------
चलती ट्रेन में चोरी करते हैं सामान
पकड़े गए आरोपी झांसी, ललितपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में सो रहे यात्रियों के पर्स चोरी कर लेते थे या फिर ट्रेन धीमी होने पर मौका देखकर सामान छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर भाग जाते हैं। इन पर अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आरोपी आशीष गुप्ता के खिलाफ सतना, इलाहाबाद, मानिकपुर, मुरैना, बीना, भोपाल, ललितपुर व झांसी जीआरपी थानों में अलग-अलग धाराओं में कुल 58 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी मनोज गोस्वामी के खिलाफ बीना, ग्वालियर, ललितपुर, झांसी में बीस मुकदमा दर्ज हैं। जबकि तीसरे आरोपी अतुल जोशी के खिलाफ 12 मुकदमे ललितपुर व झांसी जीआरपी थाने में दर्ज हैं।
जीआरपी पुलिस की गिरफ्त में तीन शातिर चोर- फोटो : LALITPUR