ललितपुर। इलाइट चौराहा से खिरकापुरा हाईवे मार्ग व सुरईघाट पुल से आवागमन की सुविधा जल्द शुरू होगी। खिरकापुरा मार्ग पर पुल बनकर तैयार है। सड़क बनाई जा रही है। वहीं, घाट के क्षतिग्रस्त पुल को अस्थायी तौर पर पाइप डालकर चालू किया जा रहा है। इससे राहगीरों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही चक्कर नहीं लगाना होगा।
खिरकापुरा हाईवे मार्ग पर बूढ़े बाबा मंदिर के पास ब्याना नाला पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसके चलते लगभग एक वर्ष से आवागमन बंद है। अब पुल निर्माण अंतिम चरण में है। बारिश थमते ही पालिका प्रशासन ने मार्ग से आवागमन के लिए जरूरी कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही चार पहिया वाहन हाईवे से सीधे खिरकापुरा होकर इलाइट चौराहा आ सकेंगे। इससे टीकमगढ़ व सागर की ओर से आने वाले वाहनों को पांच किलोमीटर का चक्कर नहीं काटना होगा। शहर से भी लोग सीधे हाईवे मार्ग पर पहुंच सकेंगे।
बीते माह नदी का जलस्तर बढ़ने से सुरईघाट पुल की मिट्टी कट गई थी, इससे आवागमन बंद था। अब पाइप लगा व मिट्टी डालकर मार्ग को सुगम बनाया जा रहा है। इससे लोगों को बानपुर व पनारी की ओर जाने पर तीन किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना होगा। साथ ही सीधे पंचमुखी हनुमान मंदिर भी पहुंच सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि एक सप्ताह में दोनों मार्गों पर आवागमन सुगम होगा। इसके लिए निर्माण तेज गति से कराया जा रहा है।
-
बूढ़े बाबा मंदिर के पास पुल बनकर तैयार है। सड़क का कार्य भी जल्द ही कराया जाएगा। सुरई घाट में पाइप डलवाकर मार्ग को चालू कराया जा रहा है।
- दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी