ललितपुर। शहर में बीच सड़कों पर आवारा पशुओं के घूमने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कई बार बीच सड़क पर ही साड़ों की लड़ाई हो जाती है, इससे न केवल आने-जाने वाले चोट खा जाते हैं, बल्कि वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। इससे आम लोगों के लिए यातायात व्यवस्था चुनौती बन गई है।
नगर में घंटाघर से लेकर स्टेशन तिराहा तक जाने वाली मुख्य स्टेशन सड़क पर नगर पालिका भवन, कोतवाली, स्टेट बैंक, कई नामी स्कूल एवं रेलवे स्टेशन स्थित है। इसी सड़क पर पूर्व सांसद, विधायक, नपाध्यक्ष एवं प्रथम श्रेणी के अधिकारियों के आवास बने हैं। इसकी वजह से यह मुख्य सड़क दिन भर व्यस्त रहती है। हर समय यहां वाहनों का आवागमन बना रहता है।
लेकिन, वर्तमान में इस मुख्य सड़क पर छुट्टा जानवरों का डेरा जमा रहता है। घंटाघर, सावरकर चौक, नझाई बाजार के सामने की मुख्य सड़क पर आवारा पशु वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। वर्णी चौराहा, जिरला परिषद के सामने, पुरानी चुंगी तिराहा के पास एवं स्टेशन तिराहा पर बीच सड़क पर आवारा पशु झुंड में बैठे रहते हैं। यहां तक कि कई बार स्टेशन रोड पर सांड़ों की लड़ाई भी देखी जा सकती है, जो यहां से गुजरने वाले आम लोगों व वाहन चालकों के लिए बड़ी मुश्किल पैदा कर देती है।
कई बार तो वाहनों की रफ्तार बढ़ाना छुट्टा पशुओं की वजह से दुर्घटना का कारण बन जा रही है। ऐसे में खासतौर पर जिला परिषद से स्टेशन तिराहा एवं देवगढ़ रोड पर छुट्टा गौवंश की वजह से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। सबसे अधिक परेशानी चार पहिया वाहन, ट्रक या बस के निकलने के दौरान आती है, जिसमें कई बार तो जाम की स्थिति भी बन जाती है। ऐसी ही स्थिति आए दिन स्टेशन रोड पर पुरानी चुंगी के पहले इस सड़क पर देखने को मिलती है, जहां सड़क किनारे दोनों ओर सब्जी बाजार लगता है। सब्जी की खरीदारी करने आए लोगों के वाहन भी अस्थाई रुप से दुकानों के पास खड़े हो जाते हैं और सड़क पर छुट्टा जानवर अपनी बैठक जमा लेते हैं। इस पर यहां वाहनों को निकलने के लिए सड़क पर काफी कम जगह बचती है। कई बार तो यहां बड़ों वाहन चालकों को वाहन से उतरकर पहले छुट्टा पशुओं को हटाना पड़ता है, इसके बाद वह वाहन आगे बढ़ाते हैं।
ऐसा नहीं है कि आम लोगों के ही वाहन यहां से गुजरते हैं, बल्कि मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी आदि सभी को इन छुट्टा पशुओं के बीच से निकलता होता है। इसके बाद भी छुट्टा जानवरों से बिगड़ी यातायात अव्यवस्था को स्थायी समाधान नहीं मिल पा रहा है।
चौराहा पर तैनात सुरक्षा गार्डों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि सड़कों पर छुट्टा जानवर दिखाई दें तो उन्हें हटाया जाए। ताकि, किसी तरह की दुर्घटना न हो।
- आशुतोष मिश्रा, यातायात प्रभारी।