ललितपुर। 29 अगस्त को प्रस्तावित नगर पालिका बोर्ड की बैठक में पेश होने वाले दो प्रस्तावों पर व्यापारी भड़क गए हैं।
मंगलवार को उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने बकाया गृहकर पर 10 फीसदी सरचार्ज व जलकर लगाने के प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताते हुए नगर पालिका के प्रशासक मनीष कुमार को ज्ञापन देकर इन्हें स्वीकृत न किए जाने की मांग की। कहा कि इन प्रस्तावों के पास होने से शहर का आम नागरिक प्रभावित होगा।
ज्ञापन में बताया कि नगर पालिका परिषद की 29 अगस्त की बोर्ड बैठक में खाली भूखंड पर गोबर, कचरा, मलबा, लकड़ी व अन्य कचरा रखने पर कम से कम पांच हजार व अधिकतम 25 हजार रुपये का चालान वसूलने का प्रस्ताव रखा जाने वाला है। जबकि, पालिका के 2013 में कराए गए गजट के अनुसार उनसे स्वकर लेने का प्रावधान है। नगर क्षेत्र में काफी लोगों के पास प्लाट/भूखंड व कृषि योग्य भूमि है।
दूसरे प्रस्ताव में गृहकर के अलावा जलकर लेना शामिल किया गया है। जलकर के संबंध में नगर पालिका को निर्णय लेने का अधिकार नहीं है।
वहीं, गृहकर बकाया पर दस फीसदी सरचार्ज लगाना गलत है, जिसे वापस लिया जाए। इस मौके पर प्रांतीय चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, जिलाध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी, जिला महामंत्री अनिल जैन, नगर अध्यक्ष महेश जैन, नगर युवा अध्यक्ष मनोज सैनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभय जैन, सभासद आलोक जैन मयूर, अंकित सतभैया आदि मौजूद रहे।