ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम रमेशरा में ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबने से किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम रमेशरा निवासी गजराज सिंह (30) पुत्र स्वरूप सिंह बृहस्पतिवार की शाम को ट्रैक्टर लेकर खेत पर जुताई के लिए जा रहा था। अभी वह गांव के बाहर ही पहुंचा था कि अचानक सड़क किनारे संतुलन बिगड़ जाने से ट्रैक्टर पलट गया। इससे गजराज ट्रैक्टर के नीचे सिर के बल दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव वालों ने ट्रैक्टर के नीचे से उसे निकाला और परिजन को सूचना दी। उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान के चाचा प्रहलाद सिंह ने बताया कि मृृतक की दो पुत्रियां हैं।