ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत गांव मिनौरा निवासी राघवेंद्र (28) पुत्र कड़ोरे कुशवाहा की शनिवार की दोपहर में सूखे माइनर से ट्रैक्टर निकालते समय पलटने से नीचे दबकर मौत हो गई।
थाना जखौरा अंतर्गत गांव मिनौरा निवासी राघवेंद्र शनिवार को दोपहर में खेत पर गेहूं की बुवाई करने के लिए जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे रास्ता नहीं होने के चलते वह सूखे माइनर में ट्रैक्टर उतारकर दूसरी तरफ जाने लगा। इस दौरान ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। जिससे किसान भी ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
उसके चिल्लाने एवं ट्रैक्टर पलटने की आवाज होने पर पास में खेत में मौजूद अन्य परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने ट्रैक्टर के नीचे दबे राघवेंद्र को किसी प्रकार बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम प्रधान सोबरन उर्फ शोभाराम ने बताया कि उनके गांव व खेतों के बीच जाखलौन पंप कैनाल का लागौन रजबहा माइनर है। लेकिन दूसरी ओर खेतों पर जाने के लिए रास्ता या पुलिया नहीं है, जिसके चलते ग्रामीण माइनर के बीच बने चौड़े रास्ते से होकर माइनर में उतरकर दूसरी ओर जाते हैं। शनिवार को राघवेंद्र भी अपना ट्रैक्टर लेकर माइनर पार कर दूसरी ओर खेत पर जा रहा था। माइनर में उतरने के बाद जैसे ही उसने ट्रैक्टर दूसरी ओर जाने को ऊपर चढ़ाया, तो ट्रैक्टर पलट गया और राघवेंद्र ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
मृतक के छोटे भाई जगदीश ने बताया कि वह सभी माइनर के दूसरी ओर खेतों में ही खड़े थे। मृतक के दो बेटे व दो बेटियां हैं। जबकि वह स्वयं तीन भाई व एक बहन में छोटा था। उसके पास लगभग दो एकड़ खेती की जमीन है।