संवाद न्यूज एजेंसी
गुढ़ा (महरौनी)। सौजना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुढ़ा में मंगलवार को खलिहान में खेलते समय तीन बच्चों ने चाबी ढूंढकर खेल खेल में ट्रैक्टर स्टार्ट कर चला दिया। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सामने कुआं में बच्चों सहित गिर गया। घटना से चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर बच्चों को कुआं से बाहर निकला और तत्काल पड़ोसी जनपद टीकमगढ़ के जिला अस्पताल ले गए जहां पांच वर्षीय सुहानी पुत्री शिवलाल कुशवाहा की मौत हो गई जबकि दो बच्चों का उपचार चल रहा है।
गांव में शिवलाल कुशवाहा सहित गांव के कुछ लोग मजदूरी करने गए थे। उनके साथ छोटे बच्चे भी खेत पर पहुंच गए। जब शिवलाल सहित अन्य लोग खेत में काम कर रहे थे तभी उनके बच्चे खलिहान में खेलने लगे। इसी दौरान तीन बच्चों ने खेत पर खड़े ट्रैक्टर की चाबी वहां से उठा ली और ट्रैक्टर को स्टार्ट कर लिया। स्टार्ट होते ही ट्रैक्टर चलने लगा और सामने स्थित कुआं में जाकर बच्चों सहित गिर गया। कुआं में ट्रैक्टर के गिरने की आवाज सुनते ही उनके परिजन व अन्य लोग मौके पर दौड़े और आनन फानन में रस्सी डालकर बच्चों को निकाला। तीनों बच्चों को तत्काल टीकमगढ़ के जिला अस्पताल ले गए, जहां शिवलाल कुशवाहा की पुत्री सुहानी (5) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों का उपचार चल रहा है। देर शाम तक ट्रैक्टर कुआं से निकला नहीं जा सका। थाना सौजना पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की।
00000000
सड़क हादसे में युवक की मौत, मां बेटे घायल
गुढ़ा/ महरौनी। थाना सौजना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुढ़ा की फूला पत्नी पप्पू बुनकर उर्फ (परमानद) बेटी का निमंत्रण लेकर बच्चे नंदू और पड़ोस में रहने वाले ब्रजभान के साथ बाइक से अपने माता पिता के यहां देवदा जा रही थी। रास्ते में सुकवाहा और गुदनवारा (मध्यप्रदेश) के बीच तेज पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे ब्रजभान (19) की मौके पर मौत हो गई। वहीं फूला (38), नंदू (14) घायल हो गए। मध्य प्रदेश पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल टीकमगढ़ भेजा। संवाद