ललितपुर। गणेशोत्सव पर्व सोमवार से शुरू हो रहा है, जिसकी तैयारियां नगर में जोरशोर से की गई हैं। जगह-जगह पांडाल सजाए गए हैं, वहीं घरों में भी छोटी गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। कई दिनों से तैयारियां में जुटे श्रद्घालुओं की भीड़ रविवार को भी गणेश प्रतिमाएं खरीदने के लिए दुकानों पर देर शाम तक लगी रही।
शहर में हर वर्ष दर्जनों स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाती है। श्रद्धालुओं द्वारा दस दिन से इस पर्व को मनाने की जोरदार तैयारियां की गई हैं। बड़े पांडालों में गणेश मूर्ति की स्थापना के लिए समितियों द्वारा दो सप्ताह पूर्व ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। घर-घर जाकर चंदा एकत्रित करने को टोलियां भी बनाई गईं, ताकि चंदा की राशि बड़ी होने पर उतनी ही भव्यता के साथ महोत्सव मनाया जा सके। मूूर्तिकारों द्वारा भी करीब दो महीने पूर्व शहर में डेरा जमाकर मिट्टी व घासपूस की मूर्तियां बनाना शुरू कर दिया गया था। जबकि शहर में अन्य दुकानों पर गणेशोत्सव के कुछ दिन पूर्व से अन्य जनपदों से लाई गईं प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां भी भारी संख्या में रखी गईं।
घरों में मूर्ति स्थापना के लिए एक फीट से लेकर तीन फीट तक की मूर्तियों लोगों ने खरीदीं, जबकि पांडालों के लिए दस फीट तक की मूर्तियां बनाई गईं। आज से श्रीगणेशजी की स्थापना पांडालों में विधि विधान के साथ की जाएगी।
कटरा बाजार गणेश स्थल पर जल विहार में भव्य आरती
कटरा बाजार में स्थापित होने वाले बड़े गणेशजी का शहर में काफी महत्व है। हर वर्ष विमानों में विराजमान भगवान तालाब में जल विहार कर कटरा बाजार स्थित बड़े गणेश स्थल पहुंचते हैं, जहां भव्य आरती का आयोजन किया जाता है। शहर भर के दर्जनों विमानों की एक साथ इस भव्य महाआरती को देखने को हजारों की संख्या में श्रद्घालु पहुंचते हैं।