नो स्मोकिंग डे पर राजकीय इंटर कालेज से निकाली गई जागरूकता रैली को हरी दिखाकर रवाना करते जिलाधिका?
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। नो स्मोकिंग डे पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और उससे होने वाली हानियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का समापन पुरानी तहसील चौराहा, घंटाघर से होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में किया गया। इसमें कहा गया कि तंबाकू का सेवन न करें इससे बीमारी हो जाती है।
रैली में उपस्थित सभी बच्चों एवं अध्यापकों व कार्यालय के अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जेएस बक्शी एवं नोडल अधिकारी जिला तंबाकू प्रकोष्ठ डॉ. डीसी दोहरे द्वारा तंबाकू का सेवन न करने के संबंध में शपथ दिलाई गई। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाया गया जिसमें समस्त स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारी, प्रधानाचार्य व अध्यापकों तथा छात्रों द्वारा तंबाकू का सेवन न करने हेतु हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी दुबे, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हुसैन खान, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती, जनपद सलाहकार डॉ. रूद्रप्रताप सिंह बुंदेला, राजेंद्र त्रिपाठी प्रधानाचार्य जीआईसी, दीपक जैन, पवन कुमार, संजय त्रिपाठी एवं अन्य कर्मचारियों उपस्थित रहे।