संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा (ललितपुर)। कस्बा स्थित आदर्श तालाब के पास बना श्मशान घाट का टीन शेड जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। स्थिति यह है कि टीन शेड की चद्दर तक गायब हो गईं हैं। ऐसे में अंत्येष्टि स्थल पर धूप व बारिश में शव का अंतिम करने में दिक्कत होती है।
आदर्श तालाब के पास शव के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट में टीन शेड पूर्व में बनाया गया था। अनदेखी के चलते टीन शेड गायब तक होने की स्थिति में आ गया है। हालत यह है कि टीन शेड का केवल फ्रेम मात्र ही लगा हुआ है। इसकी चद्दरें गायब हो गईं हैं। ऐसे में बारिश के मौसम में लोगों को शव के अंतिम संस्कार करने समस्या हो जाती है। साथ ही अंत्येष्टि में शामिल लोगों को धूप में खड़ा रहना पड़ता है। यही नहीं श्मशान घाट में अनदेखी के चलते आस-पास में झाड़ी व गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
-
जिला पंचायत बोर्ड बैठक में श्मशान घाट के सुंदरीकरण कराए जाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसकी स्वीकृति मिलने पर जल्द ही कार्य कराए जाएंगे।
- राम कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य, बिरधा
ग्राम पंचायत के तीनों श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण समेत रोशन व पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। यह कार्य ग्राम पंचायत की प्राथमिकता पर हैं, जल्द ही कार्ययोजना में शामिल किया गया है। वर्तमान में दो ई रिक्शा चलाकर सफाई अभियान जारी है। कस्बा को जल्द ही कचरा मुक्त किया जाएगा।
- अटल बिहारी टोंटे, कार्यवाहक प्रधान, ग्राम पंचायत बिरधा