संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तुवन मंदिर ग्राउंड पर चल रहे फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन चार मैच खेले गए। आखिरी दो सेमीफाइनल मैच भी खेले गए। जीत हासिल करने वाली टीकमगढ़ और बबीना की टीम फाइनल में पहुंच गई। शनिवार को दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
पूर्व विधायक रणवीर सिंह की स्मृति में तुवन मंदिर ग्राउंड पर फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को यहां दूसरे दिन चार मैच खेले गए। पहला मैच टीकमगढ़ और चित्रकूट की टीम के मध्य खेला गया। टीकमगढ़ की ओर से कप्तान साहिल ने शानदार एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को विजय दिलाई।
दूसरा मैच गिन्नौटबाग ललितपुर और तुवन क्लब के मध्य खेला गया। फील्ड में दोनों टीम की ओर से कोई गोल नहीं किया जा सका। इसके चलते निर्णय पांच-पांच पेनाल्टी शूट आउट करके निकाला गया। गिन्नौट बाग की टीम ने तीन-दो से यह मैच जीत लिया। तीसरा सेमीफाइनल मैच बबीना और बांदा की टीम के मध्य खेला गया। बबीना की ओर से अंतिम समय में एक फील्ड गोल राजीव ने किया, जिससे बबीना की टीम ने जीत हासिल कर ली।
जबकि चौथा मैच सेमीफाइनल गिन्नौट बाग ललितपुर और असद फुटबॉल क्लब टीकमगढ़ के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के मैच में कड़ा संघर्ष देखने को मिला और दोनों टीमें बराबरी पर छूटीं। इसके बाद मैच का निर्णय पांच-पांच पेनाल्टी शूट से निकाला गया, जिसमें टीकमगढ़ की ओर से गोल कीपर ने तीन गोल बचाए। जबकि, ललितपुर के देवा दो गोल बचा पाए। इस प्रकार टीकमगढ़ और बबीना की टीमों ने फाइनल में अपनी जगह बना ली। शनिवार को टीकमगढ़ और बबीना की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
निर्णायक मंडल व टेक्निकल में रामसेवक रजक, रामस्वरूप, सचिन, नरया, शहजाद खान, विष्णु करोसिया रहे। मैच का आंखों देखा हाल इशराक खान नीटू ने सुनाया। इस दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष मनमोहन जड़िया, सपा जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह, प्रताप विक्रम सिंह, प्रदीप खटीक, धनंजय याद, अनवर खान, बसंती लारिया, काशीराम, वैभव विक्रय, आदित्य नारायण आदि मौजूद रहे।