ललितपुर। फोन पर आवास दिलाने के नाम पर आशा कार्यकत्री से हजारों रुपये हड़पने के आरोपी को बालाबेहट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संभल जिला का निवासी है।
ग्राम बालाबेहट निवासी मारगेट पत्नी हीरालाल प्रजापति आशा कार्यकत्री का काम करती हैं। 24 मई को मारगेट के मोबाइल पर एक फोन आया, फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह लखनऊ स्वास्थ्य विभाग से बोल रहा है। आशा कार्यकत्रियों को कालोनी में आवास दिलाने के नाम पर उसने उससे अपने खाते में 35 हजार रुपये डालने के लिए बोला। रुपये डालने के बाद संपर्क करने पर आरोपी का नंबर स्विच आफ आया। पीड़िता ने मामले की जानकारी बालाबेहट पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासे का निर्देश दिया। विवेचक उपनिरीक्षक मोहम्मद अफजल व अखिलेश मिश्रा ने सर्विलांस की मदद से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। शुक्रवार को पुलिस ने थान सिंह निवासी ग्राम बिजपुरी थाना हयातनगर जिला संभल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने ठगी के 30 हजार रुपये बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।