ललितपुर। गिरार-कारीटोरन मार्ग में क्षतिग्रस्त रपटे, हंसरा संपर्क मार्ग और कारीटोरन से छितरा संपर्क मार्ग में क्षतिग्रस्त रपटे के स्थानों पर लघु सेतुओं का निर्माण किया जाएगा। तीनों लघु सेतुओं का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2.85 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके लिए रुपये जारी कर दिए गए हैं।
गिरार क्षेत्र में गिरार कारीटोरन मार्ग के नौ किलोमीटर पर रपटा काफी क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग द्वारा इस जर्जर व क्षतिग्रस्त रपटा पर तीन वाई चार मीटर का स्पॉन का लघु सेतु का निर्माण किया जाएगा। यह लघु सेतु लगभग 95.40 लाख रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इसके साथ ही हंसरा संपर्क मार्ग पर चार किलोमीटर पर भी एक रपटा की हालत काफी जर्जर हो गई है। ऐसे में विभाग द्वारा इसके स्थान पर यहां भी एक तीन गुणा चार गुणा चार मीटर स्पॉन के लघु सेतु का निर्माण किया जाएगा। इस लघु सेतु का निर्माण लगभग 95.20 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके बनने से यातायात सुगम हो जाएगा और इससे हर रोज लगभग चार हजार से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं कारीटोरन से छितरा संपर्क मार्ग पर एक किलोमीटर दूरी पर स्थित रपटा काफी क्षतिग्रस्त हो गया है और इससे लोगों को आगवामन में दिक्कत होती है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां भी एक तीन गुणा चार गुणा चार मीटर स्पॉन के लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। इसका निर्माण भी लगभग 94.68 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इस प्रकार इन तीनों लघु सेतु का निर्माण 2.86 करोड़ की लोत से किया जाएगा। इन तीनों सेतु के निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और विभाग से इसके लिए टेंडर भी जारी हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता विजय चंद्र ने बताया कि तीनों लघु सेतुओं के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही इन लघु सेतुओं का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।